आसनसोल हाईवे पर कहर: ब्रिज से नीचे गिरी कार, बच्चा समेत तीन घायल

single balaji

आसनसोल | पश्चिम बंगाल:
आसनसोल नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जब एक तेज़ रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ब्रिज से नीचे जा गिरी। हादसे के समय कार में तीन यात्री सवार थे, जिनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

इस घटना की जानकारी नेशनल हाईवे अधिकारी उत्पल माझी ने दी। उन्होंने बताया कि हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। दुर्घटनाग्रस्त कार बनारस से दुर्गापुर की ओर जा रही थी। हाईवे पर चलते समय अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे पुल के नीचे जा गिरी।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सुबह के समय चालक को झपकी आ जाने के कारण यह हादसा हुआ। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और हाईवे पेट्रोलिंग टीम की मदद से सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। फिलहाल क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को पुल के नीचे से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर नींद में वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है।

ghanty

Leave a comment