आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। स्कूल से अनुपस्थित रहकर दोस्तों के साथ मैथन डैम घूमने और नहाने गए एक दसवीं कक्षा के छात्र की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक छात्र की पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई है, जो आसनसोल स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल का छात्र था। जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह प्रिंस अपने कुछ सहपाठियों के साथ स्कूल जाने के बजाय सीधे मैथन डैम पहुंच गया। वहां सभी छात्र जलाशय के एक घाट पर नहाने के लिए उतरे।

इसी दौरान अचानक प्रिंस गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह कुछ ही पलों में पानी में लापता हो गया। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद बाकी छात्र बिना किसी को जानकारी दिए चुपचाप वापस आसनसोल लौट आए।
शाम तक जब प्रिंस घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। स्कूल से संपर्क करने पर पता चला कि वह उस दिन स्कूल गया ही नहीं था। इसके बाद परिजनों ने आसनसोल नॉर्थ थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच शुरू की और प्रिंस के साथ गए छात्रों से पूछताछ की। पूछताछ में छात्रों ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मैथन डैम पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
काफी देर तक चले अभियान के बाद देर रात प्रिंस का शव जलाशय से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।


