आसनसोल में रेलवे भूमि पर निर्माण को लेकर उठे सवाल, लोरेटो स्कूल और शताब्दी पार्क के सामने बन रही इमारत पर विवाद

आखिर क्या है रेलवे का नियम सब कुछ का जल्द होगा खुलासा

आसनसोल: आसनसोल के लोरेटो स्कूल के समीप और शताब्दी पार्क के सामने निर्माणाधीन एक इमारत को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि जिस स्थान पर निर्माण कार्य चल रहा है, वह रेलवे से जुड़ी भूमि होने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि यदि जमीन रेलवे की है तो वहां निर्माण कार्य किस आधार पर किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि रेलवे भूमि के उपयोग को लेकर स्पष्ट नियम हैं। रेलवे की जमीन का उपयोग बिक्री, व्यावसायिक गतिविधियों या अन्य निजी निर्माण कार्यों के लिए निर्धारित नियमों और स्वीकृत प्रक्रिया के तहत ही किया जा सकता है। ऐसे में संबंधित निर्माण कार्य को लेकर लोगों के बीच कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, इस मामले को लेकर पहले भी शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इस परियोजना को किसकी अनुमति प्राप्त है और इसके पीछे किसका संरक्षण या स्वार्थ जुड़ा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य पूरी तरह वैध है तो संबंधित विभागों को इसकी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। वहीं यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो संबंधित अधिकारियों द्वारा इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाओं का दौर जारी है। निर्माण कार्य की वैधता, भूमि की वास्तविक स्थिति और संबंधित विभागों की अनुमति को लेकर कई सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं।
इस मामले से जुड़े सभी तथ्य, नियम और पूरे घटनाक्रम पर सिटी टुडे न्यूज़ नेटवर्क लगातार नजर बनाए हुए है। जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। जल्द होगा खुलासा।

Leave a comment