Friday, 27 November 2026
Advertisement
ब्रेकिंग न्यूज़
आसनसोल गोलीकांड में प्रताप दास के बयान से नया मोड़! मुसबीर पर लगाए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग, एआईएमआईएम नेता दानिश अज़ीज़ ने उठाए सवाल आसनसोल में पुलिस एनकाउंटर! पैर में गोली मारकर कुख्यात प्रताप दास गिरफ्तार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बोले- पुलिस को फ्री हैंड दिया गया है आसनसोल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई! फायरिंग का आरोपी प्रताप दास मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली; जिला अस्पताल में भर्ती आसनसोल में पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप! कुख्यात प्रताप दास उर्फ प्यो फरार, पूरी रात शहर में चला सर्च ऑपरेशन पश्चिम बंगाल में महंगाई पर लगाम लगाने की तैयारी! सरसों तेल 40 रुपये तक होगा सस्ता, चीनी की कीमतों में भी आएगी गिरावट दुर्गापुर इस्पात अस्पताल में फिर गिरा फॉल्स सीलिंग का ढांचा, बाल-बाल बचे डॉक्टर-नर्स; INTUC का जोरदार प्रदर्शन आसनसोल गोलीकांड में प्रताप दास के बयान से नया मोड़! मुसबीर पर लगाए आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग, एआईएमआईएम नेता दानिश अज़ीज़ ने उठाए सवाल आसनसोल में पुलिस एनकाउंटर! पैर में गोली मारकर कुख्यात प्रताप दास गिरफ्तार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बोले- पुलिस को फ्री हैंड दिया गया है आसनसोल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई! फायरिंग का आरोपी प्रताप दास मुठभेड़ में घायल, पैर में लगी गोली; जिला अस्पताल में भर्ती आसनसोल में पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप! कुख्यात प्रताप दास उर्फ प्यो फरार, पूरी रात शहर में चला सर्च ऑपरेशन पश्चिम बंगाल में महंगाई पर लगाम लगाने की तैयारी! सरसों तेल 40 रुपये तक होगा सस्ता, चीनी की कीमतों में भी आएगी गिरावट दुर्गापुर इस्पात अस्पताल में फिर गिरा फॉल्स सीलिंग का ढांचा, बाल-बाल बचे डॉक्टर-नर्स; INTUC का जोरदार प्रदर्शन
आसनसोल-दुर्गापुर

आसनसोल में पुलिस एनकाउंटर! पैर में गोली मारकर कुख्यात प्रताप दास गिरफ्तार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी बोले- पुलिस को फ्री हैंड दिया गया है

Moutushi · 27 November 2026, 8:36 PM

आसनसोल/दुर्गापुर, बिकाश चंद्र, सिटी टुडे न्यूज़ : पश्चिम बर्दवान जिले में शुक्रवार को अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया। एक ओर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी दुर्गापुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर पुलिस की कार्रवाई पर खुलकर बयान दे रहे थे, तो दूसरी ओर आसनसोल में पिछले दो दिनों से पुलिस को चुनौती दे रहा कुख्यात आरोपी प्रताप दास आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। महिशिला कॉलोनी के मानव सरणी इलाके में पुलिस और आरोपी के बीच हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पिछले दो दिनों से प्रताप दास को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही थी। आरोप है कि वह हथियार लेकर इस्माइल, मदर टेरेसा कॉलोनी, हटन रोड और मानव सरणी सहित अलग-अलग इलाकों में घूम रहा था तथा लगातार ठिकाना बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। इस दौरान कई जगह गोलीबारी की खबरों से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई थी।

मानव सरणी की गली में पुलिस के घेरे में आया प्रताप

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि प्रताप दास महिशिला कॉलोनी के मानव सरणी इलाके में पहुंचा है। सूचना मिलते ही पुलिस की सशस्त्र टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी। आसपास के घरों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिसकर्मी एक-एक मकान, गलियों और आसपास के रास्तों की जांच कर रहे थे, ताकि आरोपी को भागने का कोई मौका नहीं मिले।

बताया जा रहा है कि काफी तलाश के बाद दो मकानों के बीच स्थित एक संकरी गली में प्रताप दास पुलिस के सामने आ गया। उस समय उसने टी-शर्ट और हाफ पैंट पहन रखी थी तथा उसके पास एक रिवॉल्वर भी मौजूद थी। पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसके बाद पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।

पुलिस ने तत्काल उसे अपने कब्जे में लिया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इस कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, पिछले दो दिनों से जारी घटनाक्रम के कारण स्थानीय निवासियों में भय का माहौल बना हुआ था।

अस्पताल जाते समय प्रताप ने लिया मुसअब्बिर का नाम

घायल प्रताप दास को अस्पताल ले जाने के दौरान उसने मीडिया के सामने दावा किया कि मुसअब्बिर ने उसे फंसाया है। उसके इस बयान के बाद मामले में एक नया पहलू सामने आया है। हालांकि, मुसअब्बिर की भूमिका क्या है और प्रताप ने किस आधार पर यह आरोप लगाया, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर सकती है।

बुधवार को पुलिस पर फायरिंग कर हुआ था फरार

इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत बुधवार दोपहर हुई थी। जानकारी के अनुसार, आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस डकैती और साइबर धोखाधड़ी से जुड़े मामलों के सिलसिले में इस्माइल की मदर टेरेसा कॉलोनी स्थित प्रताप दास के घर पहुंची थी। इसी दौरान आरोप है कि पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया था। आरोपी की तलाश में अलग-अलग इलाकों में छापेमारी, नाका चेकिंग और लगातार गश्त शुरू की गई। पुलिस उसकी गतिविधियों और संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी। लेकिन प्रताप लगातार अपना स्थान बदल रहा था। आखिरकार शुक्रवार सुबह मानव सरणी में उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने निर्णायक अभियान चलाया।

पांचवीं कक्षा से शुरू हुआ था अपराध का सफर!

प्रताप दास के आपराधिक इतिहास को लेकर भी कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। बताया जाता है कि कम उम्र से ही वह चोरी, छिनतई और डकैती जैसी वारदातों में शामिल होने लगा था। उसके अपराध की शुरुआत कथित तौर पर पांचवीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान इलाके की एक दुकान के कैश बॉक्स से पैसे लूटने की घटना से हुई थी।

इसके बाद धीरे-धीरे उसका नाम चोरी, छिनतई, डकैती, पेट्रोल पंप और शराब की दुकानों में लूट जैसी घटनाओं से जुड़ता चला गया। आरोप है कि हथियार दिखाकर लोगों को डराना, धमकी देना, मारपीट और साइबर धोखाधड़ी जैसी गतिविधियों में भी उसकी संलिप्तता रही है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों और जिलों में कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। कई बार उसकी गिरफ्तारी और जेल जाने की बात भी कही जा रही है।

प्रताप के परिवार में उसकी मां, पत्नी और बच्चे भी हैं।

मां ने पुलिस की कार्रवाई पर उठाए थे सवाल

बुधवार को पुलिस पर फायरिंग कर फरार होने की घटना के बाद प्रताप की मां ने मीडिया के सामने अपने बेटे को लेकर पुलिस के दावों पर सवाल उठाए थे। उन्होंने अपने बेटे की मौजूदगी और उसके द्वारा गोली चलाने की बातों से इनकार किया था। पुलिस की कार्रवाई पर भी उन्होंने आपत्ति जताई थी।

लेकिन दो दिनों तक चले व्यापक तलाशी अभियान के बाद शुक्रवार को प्रताप दास घायल अवस्था में पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

दुर्गापुर में मुख्यमंत्री का बड़ा बयान- पुलिस को दिया गया है फ्री हैंड

इधर, शुक्रवार को दुर्गापुर पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आसनसोल में पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी के खिलाफ हुई कार्रवाई पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पुलिस पर गोली चलाई गई है और पुलिस ने अपनी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस को फ्री हैंड दिया गया है।

उन्होंने कहा कि पहले पुलिस टेबल के नीचे छिपती थी, लेकिन अब पुलिस जवाब दे रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि अब यह सब नहीं चलेगा।

मुख्यमंत्री के इस बयान को अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।

फिलहाल प्रताप दास आसनसोल जिला अस्पताल में पुलिस हिरासत में उपचाराधीन है। अब पुलिस की जांच और पूछताछ से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि पिछले दो दिनों की गोलीबारी में उसकी क्या भूमिका थी, उसके पास हथियार कहां से आया और उसके कथित आपराधिक नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। आसनसोल में इस कार्रवाई के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन की भूमिका एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गई है।

Advertisement