आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 85 अंतर्गत मोहिशीला स्थित शुभम पार्क सु स्वास्थ्य केंद्र में उस समय हड़कंप मच गया जब भाजपा नेत्री काकोली घोष ने निरीक्षण के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे किए। शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ निरीक्षण के लिए पहुंची काकोली घोष ने स्वास्थ्य केंद्र के अंदर कथित तौर पर टीएमसी का झंडा, नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के डस्टबिन, डेटॉल साबुन और यहां तक कि पीछे नाली में देसी शराब की बोतल मिलने का आरोप लगाया।
काकोली घोष ने बताया कि वह आगामी पश्चिम बंगाल दिवस के मद्देनजर इलाके का निरीक्षण करने आई थीं, जहां अगले दिन लोगों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था की जानी थी। इसी दौरान जब उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र का जायजा लिया, तो अंदर का नजारा देखकर वह हैरान रह गईं।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य केंद्र का उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं के बजाय एक तरह के स्टोर रूम के रूप में किया जा रहा है। मौके पर मौजूद नगर निगम के सुपरवाइजर से जब इस बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर की। हालांकि, काकोली घोष ने सवाल उठाया कि यदि सुपरवाइजर को कुछ पता नहीं, तो सफाई कर्मचारियों की स्प्रे मशीन और अन्य सामान वहां कैसे मौजूद हैं।

सबसे गंभीर आरोप स्वास्थ्य केंद्र के पीछे स्थित खुले जलाधार को लेकर लगाया गया। काकोली घोष ने कहा कि यह जलाधार खुला पड़ा है, जिससे डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि आशा कर्मी जहां लोगों को साफ-सफाई और पानी ढककर रखने की सलाह देते हैं, वहीं स्वास्थ्य केंद्र के पीछे ही लापरवाही का यह बड़ा उदाहरण सामने आ रहा है।
इन सभी अनियमितताओं को देखते हुए भाजपा नेत्री ने स्वास्थ्य केंद्र पर ताला जड़ दिया और साफ कहा कि जब तक आसनसोल नगर निगम के अधिकारी मौके पर आकर जवाब नहीं देते, तब तक यह ताला नहीं खुलेगा।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र की पार्षद अपने कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर पा रही हैं। पार्षद का कहना है कि नगर निगम के अधिकारी उनकी बात नहीं सुनते, जिसके कारण विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। इस पर काकोली घोष ने सवाल उठाया कि यदि एक स्वास्थ्य केंद्र को व्यवस्थित नहीं किया जा सकता, तो पूरे वार्ड का संचालन कैसे होगा।
स्थानीय लोगों ने भी पानी की समस्या को लेकर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि कई बार पार्षद से शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं मिला। इस पूरे मामले को लेकर अब राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
भाजपा नेत्री काकोली घोष ने स्पष्ट कहा कि आसनसोल दक्षिण की विधायक और मंत्री अग्निमित्रा पाल पहले ही इस तरह की गड़बड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह चुकी हैं और अब इस मामले में भी उचित कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल, इस घटना के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है और सभी की नजरें नगर निगम प्रशासन की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।


