आसनसोल:
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में एक बार फिर तेज़ रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ा। आसनसोल साउथ पुलिस फाड़ी अंतर्गत फतेहपुर इलाके में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक महिला सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ऑटो रिक्शा आसनसोल की ओर से नियामतपुर की दिशा में जा रहा था, जिसमें कुल चार लोग सवार थे। इसी दौरान नियामतपुर की ओर से आ रही एक कार अचानक अपनी लेन छोड़कर विपरीत दिशा में घुस गई और तेज़ रफ्तार में ऑटो से सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं ऑटो भी बुरी तरह टूट-फूट का शिकार हो गया। हादसे में ऑटो सवार महिला समेत सभी चारों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घटना के लिए कार चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि कार बेहद तेज़ गति से चल रही थी और चालक ने नियंत्रण खोते हुए गलत दिशा में वाहन चला दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल साउथ ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार और ऑटो दोनों को जब्त कर लिया है और उन्हें थाने ले जाया गया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी बाधित रहा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल, सख्त ट्रैफिक निगरानी और लापरवाह ड्राइविंग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।














