बंगाल स्थापना दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी का बड़ा दौरा, श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125 फीट प्रतिमा का भूमि पूजन

कोलकाता: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंच रहे हैं। इस दौरे को राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री इस दौरान बंगाल स्थापना दिवस समारोह और 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

शनिवार शाम प्रधानमंत्री हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित भव्य बंगाल स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे। खास बात यह है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नई भारतीय जनता पार्टी सरकार पहली बार 20 जून को आधिकारिक तौर पर यह दिवस मना रही है। इससे पहले तृणमूल कांग्रेस सरकार बांग्ला नववर्ष यानी पोइला बैशाख (14 या 15 अप्रैल) को स्थापना दिवस के रूप में मनाती थी।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी को विशेष श्रद्धांजलि

तारकेश्वर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर बनने वाली 125 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा के लिए भूमि पूजन करेंगे। यह प्रतिमा ऐतिहासिक और राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी

इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त भी जारी करेंगे। इसके तहत देशभर के 9.44 करोड़ किसानों के खातों में कुल 18,880 करोड़ रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे। पश्चिम बंगाल के 45 लाख से अधिक किसानों को भी इसका लाभ मिलेगा, जिनके खातों में 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि पहुंचेगी।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत भी करेंगे।

विकास को मिलेगा नया रफ्तार

प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान रेलवे, कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन और पशुपालन से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से राज्य के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

योग दिवस पर ऐतिहासिक आयोजन

दौरे के दूसरे दिन, 21 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस भव्य आयोजन में करीब 35 हजार लोग एक साथ योगाभ्यास करेंगे, जो इसे ऐतिहासिक बना देगा।

स्वदेशी ताकत का प्रदर्शन

प्रधानमंत्री कोलकाता में गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड द्वारा स्वदेशी तकनीक से निर्मित तीन अत्याधुनिक युद्धपोत—आईएनएस दूनागिरि, संशोधक और आईएनएस अग्रे—को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह भारत की रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

राजनीति और विकास का संगम

प्रधानमंत्री का यह दौरा न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे विकास परियोजनाओं को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि यह दौरा पश्चिम बंगाल की राजनीति और विकास पर कितना असर डालता है।

Leave a comment