आसनसोल नगर निगम के गोदाम में लापरवाही का खुलासा! मंत्री अग्निमित्रा पाल ने जताई नाराजगी

आसनसोल नगर निगम के कालीपहाड़ी स्थित गोदाम में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पश्चिम बंगाल की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए।

मंत्री अग्निमित्रा पाल ने गोदाम में रखी विभिन्न सामग्रियों की खराब स्थिति को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने देखा कि बड़ी मात्रा में तिरपाल और अन्य जरूरी सामान लंबे समय से उपयोग न होने के कारण खराब हो रहे हैं। मंत्री ने आरोप लगाया कि जिन जरूरतमंद लोगों तक ये सामग्री पहुंचनी चाहिए थी, उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पाया।

इतना ही नहीं, निरीक्षण के दौरान कई डस्टबिन भी खराब हालत में पड़े मिले, जो शहर की सफाई व्यवस्था पर सीधे सवाल खड़े करते हैं। इसके अलावा कूड़ा उठाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कई बड़े वाहन भी लंबे समय से खराब स्थिति में गोदाम में खड़े पाए गए।

मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह सरकारी संपत्ति का बर्बाद होना किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि यह न केवल संसाधनों की बर्बादी है, बल्कि जनता के अधिकारों के साथ भी अन्याय है।

अग्निमित्रा पाल ने कहा कि “स्वच्छ भारत, ग्रीन आसनसोल और क्लीन आसनसोल” जैसे महत्वपूर्ण लक्ष्यों को हासिल करने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस पूरे मामले की विस्तृत समीक्षा की जाएगी और दोषियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, इस निरीक्षण के बाद नगर निगम में हड़कंप मचा हुआ है और कई विभागों से रिपोर्ट मांगी गई है। आने वाले दिनों में इस मामले में बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन सामग्रियों का सही उपयोग किया जाता, तो शहर की सफाई व्यवस्था और बेहतर हो सकती थी। अब सभी की नजर मंत्री द्वारा उठाए जाने वाले अगले कदम पर टिकी है।

Leave a comment