👉 बॉन्डी बीच पर हाहाकार, एक हमलावर ढेर, दूसरा जख्मी हालत में गिरफ्तार
👉 इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन ने रेस्त्रां में छिपकर जान बचाई
सिडनी : ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर रविवार दोपहर हनुक्का त्योहार मना रहे यहूदियों पर दो हमलवारों ने फायरिंग की। इसमें 11 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 29 लोग घायल हुए हैं।
पुलिस ने हालात पर काबू पाने के लिए दोनों हमलावरों को गोली मारी। अधिकारियों के मुताबिक एक हमलावर की मौत हो गई है, जबकि दूसरा गंभीर हालत में है।
इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन इस हमले में बाल-बाल बचे हैं। उन्होंने रेस्त्रां में छिपकर अपनी जान बचाई। उन्होंने इसे लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
वॉन ने एक्स पर लिखा- बॉन्डी में एक रेस्टोरेंट के अंदर बंद रहना बहुत डरावना था। अब मैं सुरक्षित घर पहुंच गया हूं। आतंकियों का सामना करने वाले इमरजेंसी स्टाफ्स का बहुत-बहुत धन्यवाद। इस घटना से प्रभावित सभी लोगों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।

घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। एक वीडियो में नॉर्थ बॉन्डी बीच पर कई लाशें बिखरीं नजर आ रही हैं। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस घटना को चौंकाने वाला और बहुत दुखद बताया है।
आतंकी हमले की दुनियाभर के नेताओं ने निंदा की
ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर आज हुई जानलेवा गोलीबारी को लेकर दुनियाभर के नेताओं ने संवेदना जाहिर की है। भारतीय पीएम नरेंद्र मोदी ने संवेदना जताई है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- मैं आज ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर हुए भयानक आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता हूं, जिसमें यहूदी त्योहार हनुक्का के पहले दिन जश्न मना रहे लोगों को निशाना बनाया गया। भारत की जनता की ओर से मैं उन परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति और संवेदनाएं जताता हूं जिन्होंने अपने करीबी लोगों को खोया। इस दुःख की घड़ी में हम ऑस्ट्रेलिया के लोगों के साथ एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का समर्थन करता है।
🔹न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा कि उनका देश और ऑस्ट्रेलिया ‘एक परिवार’ की तरह हैं। वह इस हमले से स्तब्ध हैं।
🔹ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस गोलीबारी की खबर को बेहद परेशान करने वाला बताया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने इसे यहूदी विरोधी आतंकी हमला कहा। ईयू चीफ उर्सुला डेर लेयेन ने कहा कि वे यहूदी विरोधी सोच के खिलाफ हैं।
🔹आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन ने कहा कि वे इस हिंसा से हैरान हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। नीदरलैंड के प्रधानमंत्री डिक शूफ ने इस हमले को ऑस्ट्रेलिया के लिए ‘एक काला दिन’ बताया।
🔹जर्मनी, इटली, ऑस्ट्रिया, स्वीडन, नॉर्वे, फिनलैंड, यूक्रेन, मोल्दोवा, सर्बिया, एस्टोनिया और लिथुआनिया समेत कई अन्य देशों के नेताओं ने भी इस हमले पर शोक और संवेदना जताई है।
ऑस्ट्रेलिया में 29 साल बाद मास शूटिंग
ऑस्ट्रेलिया में बड़े पैमाने पर गोलीबारी की घटनाएं आम नहीं हैं। साल 1996 में पोर्ट आर्थर में हुए एक बेहद दर्दनाक हमले के बाद यहां सख्त गन कानून लागू किए गए थे। उस हमले में एक अकेले हमलावर ने 35 लोगों की हत्या कर दी थी।
ऑस्ट्रेलिया में बंदूक खरीदने के लिए बहुत कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। हालांकि यहां भी बंदूक से जुड़े अपराध होते हैं, लेकिन आमतौर पर वे किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाकर किए जाते हैं और उनका दायरा सीमित होता है।
ऑस्ट्रेलियन इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिमिनोलॉजी के अनुसार, 2023–24 के दौरान ऑस्ट्रेलिया में बंदूक से हत्या के कुल 31 मामले दर्ज किए गए। यह अब तक के सबसे ताजा आंकड़े हैं।

बड़े पैमाने पर हमले यहां बहुत कम होते हैं। हाल की ऐसी एक घटना सिडनी के पूर्वी इलाके में हुई थी। अप्रैल 2024 में बॉन्डी जंक्शन के वेस्टफील्ड शॉपिंग सेंटर में एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर छह लोगों की हत्या कर दी थी। हमलावर को मौके पर ही गोली मार दी गई थी। बताया गया था कि उस व्यक्ति को पहले से मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं थीं।
भारत में यहूदी समुदाय के लिए सुरक्षा बढ़ाई गई
भारत में यहूदी समुदाय के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है। खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक आतंकवादी संगठन भारत में यहूदी त्योहार और यहूदी संस्थानों पर बड़े हमले की योजना बना सकते हैं।
दिल्ली, बेंगलुरु और मुंबई को विशेष रूप से निशाना बनाया जा सकता है। 14 दिसंबर से 8 दिन का यहूदी त्योहार हनुक्का शुरू हो गया है।














