आसनसोल/हीरापुर: शनिवार शाम हीरापुर थाना क्षेत्र के नबी नगर इलाके में जमीन कारोबारी इरफान मुस्तफा पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने नजदीक से गोली चलाई, जिसमें इरफान के सिर में गंभीर चोट आई है। उनकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
कार्यालय के पास ताबड़तोड़ फायरिंग
जानकारी के अनुसार, अहमदनगर के रहने वाले इरफान मुस्तफा (47) का दफ्तर रहमतनगर के चासापट्टी के पास है। शनिवार शाम करीब सात बजे जब वह अपने कार्यालय के पास मौजूद थे, तभी बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने नजदीक से फायरिंग शुरू कर दी। चश्मदीदों के मुताबिक, कई राउंड फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए।
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे इरफान
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इरफान को आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत बिगड़ने पर रात आठ बजे उन्हें दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, इरफान के सिर में गोली लगी है और उनका ऑपरेशन किया जा रहा है। स्थिति गंभीर बनी हुई है।
जमीन विवाद का शक
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस को शक है कि हमले के पीछे जमीन के लेनदेन से जुड़ा विवाद हो सकता है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के लिए इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही है।
इलाके में तनाव, बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद नबी नगर और आसपास के इलाकों में भारी तनाव का माहौल है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। स्थानीय लोग इस घटना से बेहद डरे हुए हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।










