आसनसोल: सातवीं कक्षा की आदिवासी नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और उत्पीड़न की घटना के बाद इलाके में आक्रोश भड़क उठा। इस घटना के खिलाफ आसनसोल उत्तर थाना के बाहर आदिवासी समुदाय ने उग्र प्रदर्शन किया।
⚡ महिलाएं हाथों में कुरुल और दांव लेकर सड़क पर उतरीं!

प्रदर्शन में शामिल आदिवासी महिलाओं ने परंपरागत हथियार – कुरुल (टांगी), कुदाल और दांव लेकर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। वे सड़क पर बैठकर न्याय की गुहार लगाने लगीं और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
🚔 पुलिस हरकत में आई, दो आरोपी गिरफ्तार!

बढ़ते दबाव को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक विरोध जारी रहेगा।
🔥 इलाके में उबाल, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठी मांग
यह घटना स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश का कारण बन गई है। प्रदर्शनकारियों और क्षेत्र के लोगों का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए।
आदिवासी समुदाय के नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज होगा।

















