आसनसोल:
बाराबनी में प्रस्तावित अहम राजनीतिक सभा से पहले केंद्रीय मंत्री एवं पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आध्यात्मिक शांति और मार्गदर्शन के लिए आसनसोल स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम पहुंचकर प्रार्थना की। उनके इस दौरे को राजनीतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर आसनसोल भाजपा संगठन जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्रीय मंत्री आश्रम परिसर में पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद उन्होंने पूरे आश्रम परिसर का भ्रमण किया और वहां संचालित विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा परियोजनाओं की जानकारी ली।
देवतनु भट्टाचार्य के अनुसार, सुकांत मजूमदार ने आश्रम के संत-महात्माओं एवं महाराज से भी मुलाकात की। इस दौरान आश्रम द्वारा किए जा रहे मानव सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज कल्याण से जुड़े कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने रामकृष्ण मिशन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं।
आश्रम दर्शन और प्रार्थना के बाद सुकांत मजूमदार सीधे बाराबनी में होने वाली सभा के लिए रवाना हो गए। माना जा रहा है कि इस सभा में वे राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीति को लेकर अहम संदेश दे सकते हैं।
राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को आगामी कार्यक्रमों से पहले आध्यात्मिक ऊर्जा और नैतिक संबल के रूप में देखा जा रहा है, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं में भी इसे लेकर खासा उत्साह देखा गया।











