टेबल पर नोटों का ढेर, फ्रेम में TMC नेता, वायरल वीडियो से सियासी बवाल; जानें पूरा मामला

single balaji

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में एक वायरल वीडियो को लेकर सियासी घमासान मच गया है। इस वीडियो में कथित तौर पर टेबल पर बड़ी मात्रा में नकदी रखी दिख रही है और उसके पीछे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का एक स्थानीय नेता बैठा नजर आ रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होते ही विपक्ष ने सत्तारूढ़ पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

वायरल वीडियो में कौन-कौन?

वीडियो में मोहम्मद गियासुद्दीन मंडल दिखाई दे रहे हैं, जो उत्तर 24 परगना जिले के बारासात-1 पंचायत समिति के उपाध्यक्ष हैं। उनके साथ स्थानीय कारोबारी रकीबुल इस्लाम भी नजर आते हैं। वीडियो में टेबल पर नोटों के बंडल रखे दिखते हैं, वहीं फोन पर बातचीत के दौरान ‘कैश या फाइनेंस’ में खरीदारी की बात भी सुनाई देती है। बाद में एक व्यक्ति नायलॉन बैग में पैसा लेकर आता हुआ भी दिखता है। हालांकि CITY TODAY NEWS NETWORK इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

टीएमसी नेता ने कहा- साल 2022 का है वीडियो

हालांकि टीएमसी नेता गियासुद्दीन मंडल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह वीडियो साल 2022 का है और उनका इस लेनदेन से कोई लेना-देना नहीं है। उनका कहना है कि वे सिर्फ वहां बैठे थे और कुछ लोग जमीन के सौदे से जुड़े थे। रकीबुल इस्लाम ने भी दावा किया कि नकदी जमीन के सौदे से जुड़ी थी और इसमें कोई गलत काम नहीं हुआ।

भाजपा ने वीडियो को लेकर टीएमसी पर बोला हमला

स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और अगर कोई गड़बड़ी पाई गई तो कार्रवाई होगी। वहीं विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने वीडियो को लेकर टीएमसी पर हमला बोला है। भाजपा नेता तापस मित्रा ने इसे सत्तारूढ़ दल का असल चेहरा बताते हुए केंद्रीय एजेंसियों से जांच की मांग की है। फिलहाल वीडियो की सच्चाई और आरोपों की जांच जारी है, जिस पर सबकी नजर बनी हुई है।

ghanty

Leave a comment