आसनसोल: पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज इलाके में रसोई गैस को लेकर भारी नाराज़गी और विरोध देखने को मिला। एचपी गैस सिलेंडर की बुकिंग करने के बावजूद ग्राहकों को सिलेंडर नहीं मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्राहकों का आरोप है कि उनके मोबाइल फोन पर गैस डिलीवरी का मैसेज आ रहा है, लेकिन उनके घर तक सिलेंडर पहुंचा ही नहीं। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल उठ रहा है— जब सिलेंडर घर तक पहुंचा ही नहीं, तो डिलीवरी आखिर किसे की गई?
एचपी गैस डीलर पर लगे आरोप
इस पूरे मामले में आरोप एचपी गैस डीलर मिलन कांति मंडल पर लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई ग्राहक सुबह चार बजे से ही गैस एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े थे, ताकि उन्हें बुक किया हुआ सिलेंडर मिल सके।
लेकिन घंटों इंतजार के बाद जब लोगों की बारी आई, तो दुकान के सामने एक बोर्ड लगा दिया गया जिस पर लिखा था—
“आज गैस गाड़ी नहीं आई, खेद है।”
इसके तुरंत बाद दुकान बंद कर दी गई।
इधर लोगों के मोबाइल पर गैस डिलीवरी का मैसेज दिख रहा था, जबकि एजेंसी से कहा जा रहा था कि गैस आई ही नहीं। इस विरोधाभास ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया।
एजेंसी के सामने शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन
जैसे ही लोगों को इस बात का एहसास हुआ कि उन्हें गैस नहीं मिलेगी, गैस एजेंसी के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
गुस्साए ग्राहकों ने सवाल उठाया—
“बुकिंग हमारे नाम से, मैसेज हमारे मोबाइल पर, लेकिन सिलेंडर नहीं… तो फिर गैस गई कहां?”
कई ग्राहकों का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं बल्कि बड़े स्तर पर अनियमितता या गड़बड़ी की आशंका को भी जन्म देता है।
रसोई गैस के बिना बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार ऐसी समस्या के कारण कई परिवारों की रसोई ठप होने की स्थिति बन गई है।
कुछ लोगों ने बताया कि गैस बुकिंग के कई दिन बीत जाने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा, जबकि मोबाइल पर डिलीवरी पूरी होने का संदेश दिख रहा है। इससे लोगों को शक है कि कहीं फर्जी डिलीवरी दिखाकर सिलेंडर किसी और को तो नहीं दिया जा रहा।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों और ग्राहकों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है—
जब मोबाइल में गैस डिलीवरी दिखाई दे रही है, तो आखिर वह सिलेंडर किसके घर पहुंचा?
रानीगंज में एचपी गैस सेवा को लेकर उठ रहे इन सवालों का जवाब अब सभी को इंतजार है।














