रानीगंज में चलती सरकारी बस में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची अफरातफरी

single balaji

रानीगंज:
सोमवार को रानीगंज के रानीसायर मोड़ स्थित टीबी अस्पताल के पास उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक सरकारी यात्री बस में अचानक भीषण आग लग गई। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।

सूत्रों के अनुसार, संबंधित बस राष्ट्रीय राजमार्ग–19 से दुर्गापुर की ओर से चलकर आसनसोल की दिशा में जा रही थी। जैसे ही बस रानीसायर मोड़ के पास पहुंची, अचानक उसमें से धुआं निकलता दिखाई दिया और कुछ ही पलों में बस आग की लपटों में घिर गई। हालात को भांपते हुए बस चालक ने तत्परता दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोका और स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया

घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना अंतर्गत पंजाबी मोड़ फाड़ी की पुलिस, रानीगंज ट्रैफिक पुलिस और दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि आग की वजह से बस को भारी नुकसान पहुंचा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस और परिवहन विभाग की तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएगा।

घटना के बाद कुछ समय तक इस मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस की तत्परता से स्थिति को जल्द सामान्य कर लिया गया। स्थानीय लोगों ने समय पर कार्रवाई के लिए बस चालक और दमकल विभाग की सराहना की है।

ghanty

Leave a comment