आसनसोल/सालानपुर: सालानपुर थाना क्षेत्र के रामडी रक्षा काली मंदिर में हुई चोरी की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। हैरानी की बात यह है कि मंदिर के सामने पुलिस द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे मौजूद थे और रात के समय सालानपुर थाने की पुलिस गश्ती गाड़ी भी खड़ी रहती है, इसके बावजूद चोरों ने मंदिर को निशाना बना लिया।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने न तो मंदिर का ताला तोड़ा और न ही दान पेटी को नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि चोर बांस के सहारे ऊपर चढ़े और मां काली की प्रतिमा से चांदी का मुकुट और कान की बालियां चोरी कर फरार हो गए।
सुबह सफाई के दौरान सामने आई वारदात
मंदिर के सेवादार भूपेन महतो ने बताया कि वह रोज की तरह कल शाम मंदिर बंद कर अपने घर चले गए थे। लेकिन आज सुबह जब वह मंदिर की सफाई के लिए पहुंचे तो देखा कि मां की प्रतिमा का चांदी का मुकुट और कान की बालियां गायब हैं, जबकि गले की माला टूटी हुई नीचे पड़ी थी।
इस दृश्य को देखकर मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी गई।
संदिग्ध युवक पर शक, अचानक हुआ गायब
सेवादार ने यह भी खुलासा किया कि पिछले दो दिनों से एक अज्ञात युवक बाहर से आकर मंदिर परिसर में रह रहा था। लेकिन आज सुबह से उसका कोई पता नहीं चल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों के बीच शक और गहरा गया है।
लोगों का मानना है कि घटना में उसी युवक की भूमिका हो सकती है, हालांकि पुलिस अभी जांच के बाद ही कुछ स्पष्ट कहने की बात कह रही है।
पुजारी का बयान: अब मंदिर भी सुरक्षित नहीं
मंदिर के पुजारी ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि अब असामाजिक तत्वों के निशाने पर धार्मिक स्थल भी आ गए हैं। बीती रात मां काली के आभूषण, जिनमें चांदी का मुकुट और सोने की बालियां शामिल थीं, चोरी हो जाना बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, पुलिस पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि सालानपुर थाने में फिलहाल इंस्पेक्टर इंचार्ज नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ गया है।
लोगों का कहना है कि जब मंदिर के सामने सीसीटीवी और पुलिस गश्त होने के बावजूद चोरी हो सकती है, तो आम लोगों के घर और दुकानें कितनी सुरक्षित हैं, यह बड़ा सवाल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लिखित शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस रहस्यमयी चोरी ने पूरे क्षेत्र में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।











