‘पथश्री’ योजना : AMC को 105 करोड़ का आवंटन, 200 KM सड़कों का होगा निर्माण

single balaji

👉 मुख्यमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन के बाद नगर निगम मुख्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम (AMC) मुख्यालय में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा राज्य भर के साथ-साथ आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के लिए भी ‘पथश्री’ परियोजना के वर्चुअल उद्घाटन के बाद आयोजित की गई थी।

इस बैठक में आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, डिप्टी मेयर वसीम उल हक, विभिन्न विभागों के एमएमआईसी (मेयर इन काउंसिल सदस्य), बोरो चेयरमैन और निगम के अन्य अधिकारी तथा राज्य सरकार की इस परियोजना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। बैठक में ‘पथश्री’ परियोजना के कार्यान्वयन और इसके तहत किए जाने वाले कार्यों की योजना पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि आसनसोल निगम क्षेत्र के किन-किन वार्डों में इस परियोजना के तहत सड़कों का निर्माण या मरम्मत की जाएगी।

डिप्टी मेयर वसीम उल हक ने इस परियोजना के संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा राज्य के लोगों के विकास के लिए कई जनकल्याणकारी परियोजनाएँ चलाई जाती हैं और ‘पथश्री’ भी ऐसी ही एक महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से आसनसोल नगर निगम को कुल 254 कार्य उपलब्ध हुए हैं, जिनके लिए 105 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इसके तहत, आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में लगभग 200 किलोमीटर सड़कों के निर्माण या मरम्मत का कार्य किया जाएगा।

वसीम उल हक ने आगे कहा कि राज्य की मुख्यमंत्री द्वारा चलाई जा रही लगभग 100 जनकल्याणकारी परियोजनाओं में से कई को विश्व स्तर पर मान्यता और स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे में दूसरे राज्य भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की जनकल्याणकारी परियोजनाओं की नकल करते हैं। डिप्टी मेयर ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आदर्शों पर चलते हुए, आसनसोल नगर निगम भी हमेशा लोगों को अधिक से अधिक सुविधाएँ और सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करता रहता है।

ghanty

Leave a comment