पांडवेश्वर: कोयलांचल क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट और पांडवेश्वर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान में दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शुक्रवार की रात जोयालभांगा-कुमारडीहिबि कोलियारी रोड पर की गई, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तस्करों को धर दबोचा।
गिरफ्तार तस्करों के पास से 85 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं, जिनका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान बीरभूम के खैरासोल थाना क्षेत्र के चपला निवासी तपन मंडल (37 वर्ष) और जामुड़िया थाना क्षेत्र के बैजनतीपुर निवासी शेख फिरोज (29 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने छह दिन की हिरासत की मांग की ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह इलाका लंबे समय से नशे के जाल में उलझता जा रहा है। स्कूल-कॉलेज के छात्र और बेरोजगार युवक इस दलदल में फंसते जा रहे हैं, जिससे समाज में चिंता का माहौल है।
पुलिस अधिकारी का कहना है कि आने वाले दिनों में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।
जनता की भूमिका भी अहम मानी जा रही है — कई मामलों में स्थानीय लोगों द्वारा दी गई सूचनाएं ही पुलिस की बड़ी सफलता में बदल रही हैं।













