आसनसोल: शहर की शांति उस वक्त भंग हो गई जब कथित रूप से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे गूंजे। इस घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और आसनसोल उत्तर थाना गेट को बंद कर नारेबाजी की।
इस विरोध का नेतृत्व कर रहे भाजपा युवा नेता अरिजीत राय ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि—
“देशद्रोही नारों के बाद भी 24 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन एक भी गिरफ्तारी नहीं हुई। अगर आज शाम तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और तेज होगा और आसनसोल सुलगेगा।”
पुलिस पर मिलीभगत का आरोप
अरिजीत राय ने पुलिस पर देशविरोधी तत्वों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता देश की एकता और अखंडता के खिलाफ किसी भी नारे को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था सख्त
घटना के बाद थाना परिसर और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है, लेकिन हालात को देखते हुए सुरक्षा को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी है और वे प्रशासन से तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










