आसनसोल।
गुरुवार को आसनसोल नगर निगम के विभिन्न बोरों में निर्मल साथी प्रकल्प के तहत कार्यरत सैकड़ों स्वास्थ्यकर्मियों ने चार महीने से बकाया वेतन नहीं मिलने पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए कर्मचारियों ने निगम मुख्यालय के दोनों गेट बंद कर दिए, जिससे कामकाज पूरी तरह ठप हो गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष स्वास्थ्यकर्मी निगम कार्यालय के बाहर जमा हुए और “वेतन दो – हक दो” के नारे लगाने लगे। उनका कहना है कि चार महीने से वेतन न मिलने के कारण परिवारों में आर्थिक संकट और भूखमरी जैसी स्थिति बन गई है।
एक महिला स्वास्थ्यकर्मी ने आक्रोश जताते हुए कहा,
“हम दिन-रात जनता की सेवा कर रहे हैं, लेकिन खुद के बच्चों को दूध तक नहीं दिला पा रहे। अब हालात ऐसे हैं कि घर चलाना मुश्किल हो गया है।”
कर्मियों ने निगम प्रशासन से तुरंत बकाया वेतन भुगतान की मांग की और चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल और उग्र आंदोलन शुरू करेंगी।
करीब दोपहर 2 बजे तक चला यह धरना निगम मुख्यालय के अंदरूनी कामकाज को बाधित करता रहा। लोगों का कहना है कि नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण न सिर्फ कर्मी बल्कि आम नागरिक भी प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह पहला मौका नहीं है जब ‘निर्मल साथी’ प्रकल्प के कर्मियों को वेतन भुगतान में देरी हुई है। पहले भी कई बार महीनों तक बकाया वेतन रोकने के मामले सामने आ चुके हैं। इस बार हालात और गंभीर हो गए हैं क्योंकि लगातार चार महीने का भुगतान रुका हुआ है।
कर्मियों ने साफ कहा कि जब तक उनकी बकाया राशि नहीं मिलती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।