नियामतपुर में दुकान में सेंध, मोबाइल की टॉर्च से तलाश—CCTV फुटेज वायरल

single balaji

आसनसोल:
आसनसोल–दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर आउटपोस्ट इलाके में बीती रात एक दुकान में चोरी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। चोरों ने दुकान की छत पर लगी एस्बेस्टस शीट तोड़कर भीतर प्रवेश किया और नकद रुपये लेकर फरार हो गए।

दुकान मालिक उमेश यादव ने बताया कि उनकी दुकान नियामतपुर आउटपोस्ट के अंतर्गत आकॉनबागान खटाल के पास स्थित है। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर अज्ञात चोर छत की एस्बेस्टस शीट तोड़कर दुकान में घुसे। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर दुकान के अंदर सामानों को खंगाल रहा है।

आज सुबह करीब 9 बजे जब उमेश यादव ने दुकान खोली, तो उन्होंने देखा कि छत की एस्बेस्टस शीट टूटी हुई है और गल्ले से लगभग 14,500 रुपये नकद गायब हैं। इसके बाद तुरंत नियामतपुर आउटपोस्ट पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के इलाकों में लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

ghanty

Leave a comment