पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर अचानक गार्डवॉल धंस गई और सड़क का एक बड़ा हिस्सा बैठ गया। इस घटना में कई वाहन बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।
घटना मेमारी थाना क्षेत्र के सरडांगा इलाके में हुई, जहां कोलकाता से बर्दवान की ओर जाने वाली सड़क पर अचानक गार्डवॉल भरभराकर गिर गई। गार्डवॉल के साथ-साथ सड़क का हिस्सा भी धंसने से कुछ देर के लिए इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
अचानक धंसी सड़क, मच गया हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी अचानक हुई कि वहां से गुजर रहे कई वाहन चालक घबरा गए। हालांकि चालक समय रहते सतर्क हो गए, जिससे एक बड़ा सड़क हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गए और इलाके की घेराबंदी कर दी गई।
निजी कंपनी पर लगे लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों ने बताया कि आईआरबी नाम की एक निजी कंपनी इस सड़क के निर्माण और रखरखाव का कार्य कर रही थी। लोगों का आरोप है कि घटिया गुणवत्ता की सामग्री का इस्तेमाल किए जाने के कारण ही यह हादसा हुआ है।
इलाके के निवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की गई थीं। उनका आरोप है कि निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा था और कई जगहों पर सड़क की लाइटें भी बंद रहती थीं, जिससे रात के समय दुर्घटना का खतरा बना रहता था।
यातायात पर पड़ा असर, वाहनों को बाइपास से भेजा गया
घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर यातायात बाधित हो गया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही रोक दी है।
जमालपुर थाना क्षेत्र के आजापुर इलाके से वाहनों को बाइपास के रास्ते डायवर्ट किया जा रहा है, जिसके कारण आसपास के इलाकों में भारी जाम की स्थिति बन गई है।
लोगों में बढ़ा आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क का यह हिस्सा टूटने के बाद निर्माण कार्य को लेकर लगाए गए उनके आरोप अब सही साबित हो गए हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और जिम्मेदार कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
फिलहाल प्रशासन द्वारा क्षतिग्रस्त हिस्से की जांच की जा रही है और मरम्मत कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द एनएच-19 पर यातायात सामान्य किया जा सके।













