👉 श्यामा प्रसाद, अटल जी और दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति का किया अनावरण
लखनऊ : पीएम मोदी ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का इनॉगरेशन किया। उन्होंने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्तियों का अनावरण करके पुष्पांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण किया। म्यूजियम का भी उद्घाटन किया। इसके बाद डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ भी पीएम के साथ हैं। यहां मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया।
पीएम मोदी ने कहा- साथियों स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्री के रूप में डॉ मुखर्जी ने आर्थिक निर्भरता की नींव रखी थी। पहली औद्योगिक नीति रखी थी। भारत में उद्योगीकरण की बुनियाद रखी थी। यूपी में बहुत बड़ा डिफेंस कॉरिडोर बना रहा है। ऑपरेशन सिंदूर में जिस ब्रह्मोस मिसाइल का जलवा देखा वो अब लखनऊ में बन रही है। वो दिन दूर नहीं, जब यूपी का डिफेंस कॉरिडोर दुनिया भर में जाना जाएगा।

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- आज महंगाई दर 1 प्रतिशत से नीचे है। भारत की विकास दर 8 प्रतिशत से आगे है। आज पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है कि भारत क्या बोल रहा है। आज ये हैसियत भारत की दुनिया में बनी है।
रक्षा मंत्री ने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की पाकिस्तान यात्रा की कहानी सुनाई। कहा- एक महिला पत्रकार ने शादी का प्रस्ताव रखा और कहने लगी कि शादी करने के लिए तैयार हूं, लेकिन बदले में कश्मीर चाहिए। अटल जी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया था कि मैं तैयार हूं, लेकिन बदले में मुझे पाकिस्तान चाहिए। ये उनका विनोदी स्वभाव रहा है।
आज अटल जी की 101वीं जयंती है। प्रेरणा स्थल पर लगी तीनों मूर्तियां 65-65 फीट ऊंची हैं। हर एक प्रतिमा 42 टन वजनी है। बीच में दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा हैं। प्रेरणा स्थल 65 एकड़ क्षेत्र में 230 करोड़ रुपए की लागत से बना है। साल 2022 में इसका निर्माण शुरू हुआ था।

मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में 25 जिलों से करीब दो लाख लोग पहुंचे हैं। सुरक्षा के लिए 18 IPS, 10 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। ड्रोन से निगरानी की जा रही है।











