बराकर: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को बराकर शहर पूरी तरह शिवमय नजर आया। शहर के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे दिन पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा।
बेगुनिया बाजार स्थित प्राचीन सिद्धेश्वर मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु क्रमबद्ध तरीके से बाबा सिद्धेश्वरनाथ के दर्शन कर जलाभिषेक कर रहे थे।
हलवाई पट्टी स्थित गोलमाल बाबा मंदिर में भी भोर से ही पूजा-पाठ का सिलसिला शुरू हो गया था। वहीं चौक बाजार की पंचायती ठाकुरबाड़ी में विशेष जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कई यजमानों ने भाग लिया।
मनबड़िया स्थित शिव मंदिर और मद्रासी पाड़ा के निकट स्थित शिवालय में भी स्थानीय समितियों की ओर से विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। स्टेशन रोड ग्वाला पट्टी शिव मंदिर में पंडित कपिल द्वारा विशेष पूजा संपन्न कराई गई। यहां 24 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन भी आयोजित किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति रस में डूबा रहा।
पूरे शहर में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि महाशिवरात्रि पर इस प्रकार का आयोजन बराकर की परंपरा का हिस्सा है, जहां हर वर्ष आस्था और उत्साह के साथ शिवभक्ति का पर्व मनाया जाता है।











