कुल्टी में मौत का रहस्य! 48 घंटे में 2 लाशें मिलने से दहशत

single balaji

कुल्टी में लगातार दो दिनों में दो अज्ञात शव बरामद, इलाके में सनसनी

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कुल्टी थाना क्षेत्र इन दिनों रहस्यमयी घटनाओं को लेकर सुर्खियों में है। महज दो दिनों के भीतर दो अज्ञात शवों की बरामदगी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों के बीच भय और आशंका का माहौल बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन कुल्टी थाना क्षेत्र के बड़िरा इलाके से पुलिस ने एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया था। अभी इस घटना की गुत्थी सुलझ भी नहीं पाई थी कि बुधवार सुबह एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई। कुल्टी के पुनुड़ी क्षेत्र स्थित जंगल से एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कुल्टी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर कुल्टी थाना के अशोक सिंह महापात्र, कुल्टी एसीपी शेख जावेद हुसैन, नियामतपुर फाड़ी के प्रभारी अधिकारी मिहिर कुमार डे सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

WhatsApp Image 2026 05 31 at 16.13.03

पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर बारीकी से जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। प्रारंभिक जांच में यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि अभी तक दोनों शवों की पहचान नहीं हो सकी है।

लगातार दो दिनों में दो अज्ञात शव मिलने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह कोई आपराधिक गिरोह की साजिश है? या फिर यह महज संयोग है? स्थानीय लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और क्षेत्र में डर का माहौल साफ देखा जा सकता है।

पुलिस फिलहाल दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हुई है। शवों की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना भेजी गई है और फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस रहस्य से पर्दा उठाया जाएगा।

इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखा जा सके।

ezgif 22b6a523914e707e 300x300 1
ghanty

Leave a comment