कुल्टी में जर्जर सड़क से मिलेगी राहत! थाना मोड़ से रेलवे स्टेशन तक मरम्मत कार्य शुरू

single balaji

कुल्टी: पश्चिम बर्धमान जिले के कुल्टी क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी थाना मोड़ से कुल्टी रेलवे स्टेशन तक की मुख्य सड़क की मरम्मत का कार्य आखिरकार शुरू कर दिया गया है। शुक्रवार को सेल ग्रोथ वर्क्स कुल्टी प्रबंधन द्वारा इस सड़क के मरम्मत कार्य का शुभारंभ किया गया, जिससे स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

सड़क मरम्मत कार्य शुरू होने की खबर मिलते ही कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष सुकांत दास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई और लोगों के बीच मिठाइयां बांटकर इस पहल का स्वागत किया।

सुकांत दास ने बताया कि कुल्टी रेलवे स्टेशन से लेकर थाना मोड़ तक की सड़क क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाती है। लंबे समय से सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी थी, जिससे आम लोगों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर सेल ग्रोथ वर्क्स कुल्टी के एजीएम (एचआर) कामिक जेड आदिल को ज्ञापन भी सौंपा गया था। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि सड़क निर्माण नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

हालांकि सेल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। इस सड़क की महत्ता इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि इसके आसपास चार हाई स्कूल, आधा दर्जन प्राथमिक विद्यालय और कुल्टी कॉलेज स्थित हैं। प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग इसी मार्ग से आवाजाही करते हैं।

इसके अलावा इसी इलाके में आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (वेस्ट) का एसीपी कार्यालय, डीसीपी कार्यालय, ट्रैफिक कार्यालय और कुल्टी थाना भी मौजूद हैं। ऐसे में यह सड़क प्रशासनिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई है कि मानसून शुरू होने से पहले ही सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे लोगों को कीचड़ और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

इस मौके पर इम्तियाज खान, हसन खान, बाबू बनर्जी, बबन बाउरी, मलय मंडल, पंकज चक्रवर्ती, सलाहुद्दीन, राजू और वसीम अंसारी सहित कई स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों, व्यापारियों और आम जनता को भी बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से उठ रही इस मांग के पूरा होने से इलाके में संतोष और खुशी का माहौल है।

ghanty

Leave a comment