
तृणमूल कांग्रेस ने वर्धमान दुर्गापुर लोकसभा केंद्र से पूर्व क्रिकेटर कीर्ति झा आजाद को अपना प्रत्याशी बनाया है। बीते कल यानी रविवार को जन गर्जन सभा के दौरान पश्चिम बंगाल के सभी 42 लोकसभा सीटों पर टीएमसी ने अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की। इसके बाद वर्धमान दुर्गापुर लोकसभा केंद्र के प्रत्याशी कीर्ति झा आजाद दुर्गापुर स्थित मां सर्वमंगला की पूजा अर्चना करने के लिए अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने मां सर्वमंगला की पूजा अर्चना की। इसके बाद वे कुछ ही दूर पर स्थित राधा रानी स्टेडियम पहुंचे, जहां बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। उन्होंने क्रिकेट खेल रहे बच्चों को अच्छा खेलने के कुछ टिप्स भी दिए। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मां सरस्वती शिक्षा की देवी हैं। उन्होंने मुझे बहुत कुछ दिया है। आज मैं उनसे आशीर्वाद लेने आया हूं। यहां बच्चे जो खेल रहे हैं।

वह और अच्छा खेलें, देश का नाम रोशन करें। इस दौरान उन्होंने कहा कि पेप्सी कोला का सेवन न करें। पिज़्ज़ा बर्गर न खाकर घरेलू खाने पर ज्यादा ध्यान दें। इससे शरीर स्वस्थ रहेगा। उन्होंने कहा कि वे जब दरभंगा से सांसद थे तो अपने क्षेत्र में बहुत सारे विकास कार्य करवाए थे। यहां भी वे विकास कार्य करवाएंगे। आदमी विशेष नहीं होता है। संगठन बड़ा होता है। मुझे दीदी का नारा “खेला होबे” पर विश्वास है। दुर्गापुर में भी खेला होगा। उसके बाद उन्होंने पूर्व नगर निगम अध्यक्ष मानस राय की पहल पर 32 नंबर वार्ड में दीवार लेखन किया।