कोलकाता : राज्य के नदिया जिले चकदह शहर के तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष नारायण मंडल का एक महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। वीडियो के इंटरनेट पर वायरल होने से हड़कंप है।
तृणमूल सूत्रों के मुताबिक नेता ने स्वीकार किया है कि वीडियो उसका है। चकदह शहर तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष देबकृष्ण मजूमदार ने वीडियो की सत्यता स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि फेसबुक पर यह वीडियो देखने के बाद उन्होंने नारायण मंडल को फोन करके इस बारे में पूछा।
पार्टी ने उपाध्यक्ष पद से हटाया
नारायण ने सब स्वीकार कर लिया है। इसके बाद जिला और स्थानीय नेतृत्व से बात करने के बाद नारायण मंडल को चकदह शहर तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया। इलाके के निवासी डॉक्टर दिवाकर चक्रवर्ती का दावा है कि नारायण भू-माफियाओं के लगातार संपर्क में है।
तृणमूल नेता की भू-विभाग के कुछ अधिकारियों से भी नजदीकी है। आरोप है कि वह महिलाओं को तरह-तरह के प्रलोभन देकर विभिन्न होटलों में ले जाकर भू-विभाग के अधिकारियों के साथ यौन संबंध बनवाता था। बाद में उन्हें ब्लैकमेल करके उसने मोटी रकम कमाई। डॉक्टर का दावा है कि इस पैसे में कई लोगों का हिस्सा होता है।