कांकसा:
लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट करने के नाम पर एक बुजुर्ग व्यक्ति से लाखों रुपये की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कांकसा थाना पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कांकसा के बामुनारा क्षेत्र स्थित तपोवन सिटी निवासी अशोक कुमार राय नामक बुजुर्ग को ठगों ने फोन कर लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट करने का झांसा दिया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में उनसे करीब 6 लाख 22 हजार रुपये ठग लिए गए।
जब अशोक कुमार राय को ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने 27 नवंबर को कांकसा थाने के साइबर अपराध विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तकनीकी सहायता के जरिए जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस ठगी का मुख्य आरोपी मुंबई में छिपा हुआ है। इसके बाद जनवरी के पहले सप्ताह में कांकसा थाना पुलिस की एक टीम मुंबई के लिए रवाना हुई। करीब दो दिन की निगरानी के बाद 5 जनवरी को आरोपी को धर दबोचा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अबू दरदा अहमद के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से मुंबई में रहकर कई सैलून का संचालन कर रहा था और वहीं से साइबर ठगी को अंजाम दे रहा था।
गिरफ्तारी के बाद 6 जनवरी को आरोपी को मुंबई की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड पर उसे कांकसा थाना पुलिस की हिरासत में दिया गया। शुक्रवार रात आरोपी को कांकसा लाया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार को उसे दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।
कांकसा थाना पुलिस के साइबर विभाग ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के दौरान यह भी जांच की जाएगी कि इस ठगी गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपी किसी अन्य साइबर अपराध में संलिप्त है या नहीं।
पुलिस ने आम लोगों, विशेषकर बुजुर्ग नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात कॉल या लिंक पर भरोसा न करें और अपनी बैंक या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें।











