पश्चिम बर्दवान जिले के जमुरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से बुधवार को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की गई। जमुरिया के विधायक हरेराम सिंह ने क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर सड़क, सामुदायिक ढांचा और पेयजल से जुड़ी कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इन सभी परियोजनाओं को विधायक निधि से स्वीकृति दी गई है और इन पर लाखों रुपये खर्च किए जाएंगे। स्थानीय लोगों के अनुसार इन योजनाओं से क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में काफी मदद मिलेगी।
चापुई में पीसीसी सड़क निर्माण की शुरुआत
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11:30 बजे चापुई (रातिबाती जीपी) क्षेत्र में चापुई कोलियरी मेन गेट से परेश शॉ हाउस तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। इस परियोजना पर लगभग 19 लाख रुपये की लागत आएगी।
गोबिंद नगर में गुरुद्वारा टिन शेड का उद्घाटन
इसके बाद दोपहर 12:20 बजे गोबिंद नगर (वार्ड नंबर-12) में गुरुद्वारा टिन शेड निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया। इस परियोजना के लिए 7 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
इस मौके पर विधायक हरेराम सिंह ने कहा कि जब वह विधायक बने थे, तब स्थानीय लोगों ने इस शेड के निर्माण की मांग रखी थी और आज वह मांग पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि गोबिंद नगर मोड़ हाईवे पर हाई मास्क लाइट सांसद फंड से लगाई गई है, जिसका उद्घाटन भी किया गया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की प्रेरणा और जनता के सहयोग से क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं।
सिख समाज ने जताया आभार
गोबिंद नगर गुरुद्वारा खालसा सिख संगत प्रबंधन कमेटी की ओर से प्रधान सतनाम सिंह और सचिव बेअंत सिंह ने कहा कि यह मांग काफी समय से की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विधायक हरेराम सिंह का धन्यवाद किया।
इस कार्यक्रम में सतनाम सिंह, बेअंत सिंह, हरजिंदर सिंह, मोहन सिंह, बलबीर सिंह, अर्जुन सिंह, सलविंदर सिंह, जसवंत सिंह, भगत सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित थे। वहीं गुरुद्वारा ग्रंथी बलवंत सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
केंडुलिया में कब्रिस्तान के लिए टिन शेड
दोपहर 1:00 बजे केंडुलिया (वार्ड नंबर-10) में कब्रिस्तान के लिए टिन शेड निर्माण परियोजना का शिलान्यास किया गया। इस कार्य पर करीब 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
एबी पिट में बनेगा छठ घाट
इसके बाद 1:30 बजे एबी पिट (वार्ड नंबर-05) क्षेत्र में छठ घाट निर्माण परियोजना का शिलान्यास किया गया। इस योजना के लिए लगभग 9 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है।
जमुरिया बाजार में वाटर टैंक
दोपहर 2:00 बजे जमुरिया बाजार (वार्ड नंबर-04) में वाटर टैंक निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया, जिससे स्थानीय लोगों को पेयजल की सुविधा में सुधार मिलेगा। इस परियोजना पर 3 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
परिहारपुर में सड़क और कल्वर्ट परियोजना
दिन के अंतिम कार्यक्रम के तहत शाम 4:00 बजे परिहारपुर (वार्ड नंबर-03) में अर्जुन धावरा से 8 नंबर गोवाला पाड़ा तक पीसीसी सड़क और कल्वर्ट निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है और इस पर लगभग 32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
विकास कार्यों को लेकर लोगों में उत्साह
इस मौके पर विधायक हरेराम सिंह ने कहा कि जमुरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है और जनता की जरूरतों के अनुसार नई योजनाओं को मंजूरी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी सड़क, जल, प्रकाश और सामुदायिक ढांचे से जुड़ी कई नई परियोजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों को लेकर लोगों में उत्साह भी देखने को मिला।














