जमुरिया के बोगरा चट्टी अग्निकांड पर सियासत तेज, भाजपा–तृणमूल आमने-सामने

single balaji

जमुरिया:
जमुरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोगरा चट्टी, राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या–19 पर अस्थायी रूप से बनी दुकानों में लगी भीषण आग के बाद जहां कई दुकानदारों का सब कुछ जलकर राख हो गया, वहीं अब इस दर्दनाक घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। आग की इस घटना में कई छोटे व्यापारी एक झटके में रोज़गार से वंचित हो गए।

सोमवार को भाजपा नेत्री प्रियंका टीबड़ीवाल घटनास्थल पर पहुंचीं और प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह आग किसी साजिश के तहत लगाई गई है। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल के इशारे पर दुकानों को जलाया गया, ताकि गरीब और छोटे दुकानदारों को उजाड़ा जा सके।

प्रियंका टीबड़ीवाल ने प्रशासन से मांग की कि जिन दुकानदारों की दुकानें इस आग में जल गई हैं, उन्हें तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए और उनके पुनर्वास की ठोस व्यवस्था की जाए।

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय तृणमूल पार्षद भोला हेला भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान भाजपा नेत्री और पार्षद के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। पार्षद भोला हेला ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा इस दुखद घटना पर राजनीति कर रही है।

भोला हेला ने कहा कि जिन दुकानदारों की दुकानें जली हैं, उनके दर्द पर राजनीति करना ठीक नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना के पहले दिन से ही यह तय किया गया है कि सभी प्रभावित दुकानदारों को मुआवजा दिया जाएगा, साथ ही आग से क्षतिग्रस्त दुकानों को दोबारा बनाकर देने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरे कार्य में आसनसोल नगर निगम के मेयर विधान उपाध्याय का पूरा सहयोग मिल रहा है और प्रशासन पीड़ितों के साथ खड़ा है।

अंत में पार्षद भोला हेला ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि बेरोजगार और पीड़ित दुकानदारों को राजनीति का मोहरा न बनाया जाए, बल्कि मानवता के आधार पर उनकी मदद की जाए।

घटना के बाद से इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, हालांकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

ghanty

Leave a comment