आसनसोल: Shri Shri Jagriti Maa Kali Mandir, पद्दो तालाब के 14वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर इस शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा की शुरुआत पद्दो तालाब काली मंदिर से हुई और यह राहा लेन, जी.टी. रोड, हटन रोड तथा एन.एस. रोड होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। पूरे मार्ग में भक्तों द्वारा ‘जय मां काली’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पारंपरिक वेशभूषा में यात्रा को और भी आकर्षक बना दिया।
कलश यात्रा के पश्चात विधिवत पूजा-अर्चना प्रारंभ की जाएगी। मंदिर समिति द्वारा दो दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। पूजा के उपरांत रात्रि जागरण (भजन संध्या) आयोजित होगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन कलाकार मां काली के भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अजय सोनकर, सचिव दीपक भगत, Asansol Municipal Corporation के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी सहित शिव प्रसाद वर्मन, मनोज ठाकुर, ढील्लु भगत, मुकुल साव, वीरेंद्र सोनकर, पिंटू भगत, अज्जू साव, सोमु साव, रंजीत यादव, मिथ वर्मा, कृष्णा वर्मा, राहुल वर्मा, सोनू चौहान, अजीत साव, कुलदीप शर्मा, पुनीत वर्मा, श्रवण साव, वीरु वाल्मीकि, विकास पासवान, विक्की दास, चंदना धीवर समेत सैकड़ों सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि 14 वर्षों से मंदिर परिसर में निरंतर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन होता रहा है, जिससे क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता मजबूत हुई है।
स्थापना दिवस का यह भव्य आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आस्था और उत्साह का प्रतीक बन गया।











