कालीघाट में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को दिखाए गए काले झंडे, ‘गो बैक’ के लगे नारे

single balaji

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल गर्म होता नजर आ रहा है। इसी बीच सोमवार सुबह कोलकाता के कालीघाट मंदिर में पूजा करने पहुंचे देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, मंदिर के बाहर पहले से मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की और काले झंडे दिखाते हुए “गो बैक” के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर नाराजगी जताई।

पूजा के लिए पहुंचे थे कालीघाट मंदिर

बताया गया कि रविवार रात चुनाव आयोग की फुल बेंच कोलकाता पहुंची थी। सोमवार से राज्य प्रशासन और विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ उनकी महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों से पहले सोमवार सुबह ज्ञानेश कुमार कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे।

इस दौरान उनके साथ राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल भी मौजूद थे।

प्रदर्शनकारियों ने लगाए गंभीर आरोप

मंदिर के बाहर मौजूद प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि एसआईआर प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची से कई लोगों के नाम बिना कारण हटा दिए गए हैं। इसी मुद्दे को लेकर उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के सामने ही अपना विरोध दर्ज कराया।

हालांकि विरोध के बीच भी ज्ञानेश कुमार मंदिर के अंदर पहुंचे और काली मां की पूजा की। पूजा के दौरान उन्होंने किसी भी प्रकार की टिप्पणी नहीं की।

मीडिया से संक्षिप्त बातचीत

मंदिर से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में ज्ञानेश कुमार ने कहा,
“पश्चिम बंगाल के सभी भाई-बहनों को मेरा नमस्कार। काली मां सभी को अच्छा रखें।”

जब उनसे विरोध प्रदर्शन के बारे में सवाल पूछा गया तो उन्होंने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और वहां से रवाना हो गए।

तीन दिन के दौरे पर बंगाल में चुनाव आयोग

बताया जा रहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तीन दिन के दौरे पर पश्चिम बंगाल आए हैं। चुनाव आयोग की फुल बेंच में उनके साथ चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी भी मौजूद हैं।

सोमवार सुबह करीब 10 बजे विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके बाद राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी महत्वपूर्ण बैठक होगी, जिसमें चुनाव की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी।

एयरपोर्ट से होटल तक भी हुआ विरोध

सूत्रों के मुताबिक, रविवार रात कोलकाता हवाई अड्डे से न्यूटाउन स्थित होटल तक जाते समय भी मुख्य चुनाव आयुक्त के काफिले के खिलाफ “गो बैक” के नारे लगाए गए और काले झंडे दिखाए गए।

बताया गया कि तृणमूल कांग्रेस और वामपंथी दलों के कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग जगहों पर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं वामपंथी कार्यकर्ताओं ने “नो वोटर्स, नो वोट” का नारा भी लगाया।

चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक हलचल

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों और चुनाव आयोग के बीच टकराव की स्थिति भी देखने को मिल रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में चुनावी माहौल और ज्यादा गर्म होने की संभावना है।

ghanty

Leave a comment