चित्तरंजन, 23 जून |
चित्तरंजन के कर्नल सिंह पार्क में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। 21 जून की शाम रूपनारायणपुर की एक युवती और उसके पुरुष मित्र के साथ चार युवकों ने खुद को सिविक पुलिसकर्मी बताकर न सिर्फ धोखाधड़ी की, बल्कि ₹50,000 की रंगदारी भी मांग डाली।
पीड़ितों के अनुसार, आरोपी युवकों ने पार्क में उन्हें घेर लिया, लड़की का मोबाइल फोन छीन लिया और धमकी दी कि अगर पुलिस झंझट से बचना है तो ₹50,000 देने होंगे। इस घिनौनी हरकत के बाद युवती और उसका साथी सीधे चित्तरंजन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
🚔 चार आरोपी गिरफ्तार, दो निकले अस्पताल के सुरक्षाकर्मी
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को धर दबोचा, जिनमें से दो आरोपी चित्तरंजन केजी अस्पताल में अस्थायी सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत थे। इससे सरकारी संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
आज चारों आरोपियों को आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लेने की अनुमति मांगी है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के पीछे और भी लोग हो सकते हैं और उनसे गंभीर आपराधिक मामलों में पूछताछ की जाएगी।
👥 इलाके में डर का माहौल, नागरिकों ने उठाई सुरक्षा बढ़ाने की मांग
इस घटना के बाद कर्नल सिंह पार्क में लोगों का घूमना-फिरना कम हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पार्क और सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।










