[metaslider id="6053"]

दुर्गापुर में सड़क बनी खेत! भाजपा ने किया धान की रोपाई कर विरोध

दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल:
जहां सरकारें करोड़ों के विकास के दावे कर रही हैं, वहीं दुर्गापुर शहर में एक सड़क की हालत देखकर लोग दंग रह गए। रविवार को भाजपा ने नगर निगम और प्रशासन की नींद खोलने के लिए ऐसा अनोखा विरोध प्रदर्शन किया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।

दुर्गापुर के 28 नंबर वार्ड स्थित मुछीपाड़ा आईटीआई मोड़ के पास एक सड़क अब सड़क कम और धान खेत ज्यादा नजर आ रही है। भारी बारिश और प्रशासन की अनदेखी के कारण यह सड़क तालाब बन चुकी है। इसी सड़क पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने धान की रोपाई की और उसमें मछलियां छोड़कर एक अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज किया।

इस प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के जिला सह-सभापति चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय और 3 नंबर मंडल अध्यक्ष बुद्धदेव मंडल ने किया। उन्होंने मीडिया से कहा,

“यह सड़क अब खेती के लिए अधिक उपयुक्त है, शहर के लिए नहीं। विकास सिर्फ पोस्टर और भाषणों तक सीमित है।”

प्रशासन पर सीधा हमला
चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय ने दुर्गापुर नगर निगम और आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि हर दिन रेत लदे ट्रैक्टर इस सड़क को और बदतर कर रहे हैं और प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है।

उन्होंने चेतावनी दी,

“अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो हम बड़ा आंदोलन करेंगे। अब चुप नहीं बैठेंगे। जनता का सब्र जवाब दे रहा है।”

नगर निगम की प्रतिक्रिया
इस अनोखे प्रदर्शन पर दुर्गापुर नगर निगम की प्रशासक मंडली की सदस्य राखी तिवारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा,

“बरसात के कारण कुछ सड़कों की स्थिति खराब हुई है। बारिश रुकते ही मरम्मत का कार्य शुरू किया जाएगा।”

स्थानीय जनता में आक्रोश
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क से गुजरना मौत को दावत देने जैसा है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोज खतरे से जूझना पड़ता है।

ghanty

Leave a comment