दुर्गापुर : वन विभाग ने वाहन सहित 6 बाज को किया जब्त, तस्कर गिरफ्तार

single balaji

दुर्गापुर : वन्यजीवों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, पश्चिम बर्धमान वन विभाग की दुर्गापुर रेंज की टीम ने बुधवार देर रात एक चार पहिया वाहन से छह बाज पक्षियों को बचाया और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वाहन में बाज पक्षियों की तस्करी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर, दुर्गापुर रेंज की टीम ने बांसकोपा टोल प्लाजा के पास घात लगाकर नाकेबंदी की। जैसे ही यह वाहन वहाँ पहुँचा, वन विभाग के कर्मचारियों ने उसे रोक लिया और तलाशी के दौरान उसमें से कुल छह बाज बरामद किए।

अधिकारियों ने बताया कि इन बाज पक्षियों को बिहार से बर्धमान की ओर अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। मौके से गाड़ी के चालक शेख वाजेद को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह पूर्वी बर्धमान के दुबराजदिघी का रहने वाला है। दुर्गापुर रेंज के रेंजर सुदीप बंद्योपाध्याय ने बताया कि हमारे पास गोपनीय सूत्रों से पक्की जानकारी थी। इसके बाद ही हमने बांसकोपा टोल प्लाजा के पास गाड़ी को पकड़ा। गाड़ी में जो चालक था, वही तस्कर था।

इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जाँच शुरू कर दी गई है। बरामद किए गए सभी 6 बाज पक्षियों को वन विभाग की सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है। उनके स्वास्थ्य की जांच के लिए पशु चिकित्सकों की एक टीम लगाई गई है।

वन विभाग ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाज (Falcon) की तस्करी एक गंभीर अपराध है, और ऐसे अपराधियों के खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।

ghanty

Leave a comment