दुर्गापुर | पश्चिम बर्दवान
दुर्गापुर स्टील सिटी के राजीव गांधी मैदान में आयोजित तीसरे वार्षिक दुर्गापुर उत्सव में सोमवार की रात यादगार बन गई, जब मुंबई के मशहूर गायक जावेद अली ने अपनी सुरीली आवाज़ से हजारों दर्शकों का दिल जीत लिया। 5 दिसंबर से शुरू हुए इस भव्य आयोजन में जावेद अली की प्रस्तुति उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण साबित हुई।
दुर्गापुर उत्सव समिति की ओर से करीब 5,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन जावेद अली के कार्यक्रम को देखने के लिए इससे कहीं ज्यादा लोग मैदान में पहुंच गए। जैसे ही उन्होंने मंच संभाला, पूरा राजीव गांधी मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा।
“तू ही हकीकत”, “गुज़ारिश”, “कुन फाया कुन” जैसे लोकप्रिय गीतों पर दर्शक खुद को झूमने से रोक नहीं पाए। मोबाइल की रोशनी, तालियों की गड़गड़ाहट और सुरों की मिठास ने माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।
दस दिनों तक चलने वाला यह दुर्गापुर उत्सव औद्योगिक क्षेत्र के निवासियों के लिए एक सांस्कृतिक उपहार बनकर उभरा है। व्यस्त औद्योगिक जीवन के बीच इस तरह के कार्यक्रम लोगों को मनोरंजन और सांस्कृतिक जुड़ाव का अवसर प्रदान कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, आने वाले दिनों में भी कई बड़े कलाकार और रंगारंग कार्यक्रम दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।











