दुर्गापुर: हर वर्ष की तरह इस साल भी पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पहल पर दुर्गापुर के वार्ड नंबर 34 में लगभग दो सौ से अधिक छठ व्रतियों को छठ पूजा की सामग्री और साड़ी प्रदान की गई। यह कार्यक्रम कांग्रेस कार्यालय के सामने आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सामग्री वितरण कार्य पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष तरुण राय द्वारा किया गया। तरुण राय ने कहा कि छठ पर्व हमारे लिए अत्यंत पवित्र त्योहार है और व्रतियों को सामग्री सौंपकर उन्हें सुविधा प्रदान करना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जैसे हम दुर्गा पूजा से लेकर मुहर्रम तक सभी त्योहार एकता और सद्भाव के माहौल में मनाते हैं, उसी तरह छठ पर्व में भी लोगों के बीच सौहार्द और भाईचारे का माहौल बनता है।
कार्यक्रम में तरुण राय के साथ कांग्रेस माइनॉरिटी सेल के नेता इस्लाम खान, नसीमुल्ला खान, युवा कांग्रेस नेता शुभ्रत घोष, महिला कांग्रेस नेत्री संगीता घोष सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने व्रतियों के साथ मिलकर छठ पर्व की महत्ता और सामाजिक भाईचारे का संदेश दिया।
स्थानीय लोगों ने कांग्रेस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम धार्मिक परंपराओं के संरक्षण के साथ समाज में सामूहिक उत्सव और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं।












