बर्दवान स्टेशन पर दार्जिलिंग मेल के AC डिब्बे में महिला यात्री से छिनतई, दहशत!

single balaji

👉 नाराज यात्रियों ने सुरक्षा को लेकर लगाए गंभीर आरोप, सियालदह GRP में शिकायत दर्ज

बर्दवान : डाउन दार्जिलिंग मेल के AC थ्री-टियर डिब्बे में एक महिला यात्री के साथ छिनतई की घटना सामने आई है। यह वारदात शुक्रवार देर रात बर्दवान स्टेशन पर हुई। घटना से यात्रियों में दहशत के साथ आक्रोश व्याप्त है। इस घटना की शिकायत सियालदह GRP में दर्ज कराई गई है। मामले की छानबीन चल रही है। किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। दार्जिलिंग मेल NJP से सियालदह आ रही थी।

आरोप है कि डाउन दार्जिलिंग मेल के B-1 डिब्बे में बदमाश जबरन घुस आए। उस डिब्बे में डोमजूर (हावड़ा) के 19 लोगों का एक ग्रुप NJP से लौट रहा था। श्यामली साहा उसी ग्रुप में थीं। वह उस डिब्बे की सीट नंबर 20 पर बैठी थीं। आरोप है कि एक बदमाश ने उनका बैग छीन लिया और चलती ट्रेन से कूदकर भाग गया। श्यामली साहा के पति गौतम साहा ने बताया- ‘उस बैग में करीब 50 हजार रुपए कैश, एक महंगा मोबाइल फोन और आधार कार्ड, पैन कार्ड थे।’

इस घटना से उस डिब्बे के यात्रियों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने कहा- ‘चलती ट्रेन के AC डिब्बे में भी कोई सिक्योरिटी गार्ड नहीं था। ट्रेन में फालतू लोग भरे हुए थे। डिब्बे के अटेंडेंट ने रात में भी दरवाज़ा खुला रखा। सिक्योरिटी की लापरवाही की वजह से ऐसी लूट हुई।’ यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को घटना की जानकारी दी।

ट्रेन के सियालदह स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज यात्रियों ने हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे पुलिस में शिकायत करने जाने के बाद भी उन्हें कोई मदद नहीं मिली। पैसेंजरों ने कहा- ‘ट्रेन में AC डिब्बों में भी सफर करना अब एक बुरा सपना बन गया है। दिन-ब-दिन किराया बढ़ने के बावजूद, रेलवे अधिकारियों को पैसेंजर की सेफ्टी की कोई फिक्र नहीं है।’

यहां बता दें कि डोमजूर (हावड़ा) से 19 लोगों का ग्रुप 27 दिसंबर को गंगटोक और पेलिंग गया था। वहां नए साल की आगवानी में खूब मौज-मस्ती की। लेकिन, उनकी वापसी एकदम बेरंग हो गई।

ghanty

Leave a comment