कोलकाता/सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में रविवार को कुदरत ने कहर बरपाया है। आफत की बारिश के बाद पुल टूटने और कई जगहों पर लैंडस्लाइड (भूस्खलन) के साथ ही बाढ़ की वजह से हड़कंप मच गया है। इस आपदा में 17 लोगों की मौत हो गई और कई लोग लापता हैं। अधिकारियों की मानें तो मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है। आपदा की वजह भारी बारिश को बताया जा रहा है। आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्य का काम शुरू हो गया है।
पिछले कुछ दिनों से पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश का तांडव देखने को मिल रहा है। इससे नदियां पूरे उफान पर हैं। इसी बीच दार्जिलिंग और सिक्किम के बीच लोहे से बना दुधिया पुल अचानक धराशायी हो गया। जहां एक तरफ पुल टूटने से दार्जिलिंग और सिक्किम के बीच का कनेक्शन टूट गया है, तो वहीं सड़क धंसने से दार्जिलिंग और सिलीगुड़ी के बीच बनी रोड भी ब्लॉक हो गई है।
कई इलाकों में बाढ़ के हालात
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी, सिलीगुड़ी और कूचबिहार में भारी बारिश से जनजीवन तहस-नहस हो गया है। कई इलाकों में पानी जमा होने से बाढ़ के हालात बन गए हैं। इस भीषण आपदा के मद्देनजर दार्जिलिंग और सिक्किम के कई पर्यटन स्थलों को भी बंद कर दिया गया है।
दुधिया आयरन पुल बहा
उत्तर बंगाल में लगातार बारिश से हालात गंभीर हो गए हैं। दार्जिलिंग जिले के मिरिक में भूस्खलन से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दुधिया आयरन पुल का एक हिस्सा बह गया है, जिससे सिलीगुड़ी और मिरिक का संपर्क टूट गया है। कार्सियांग और कालिम्पोंग में भी भूस्खलन हुआ है। बारिश, भूस्खलन और इससे जुड़ी घटनाओं में अभी तक छह लोगों के मरने की सूचना है। राहत और बचाव कार्य शुरू करने में भी दिक्कत आ रही।
कई नेशनल हाईवे बंद
भारी बारिश के कारण नेशनल हाईवे 10 पर भूस्खलन देखने को मिला है। चित्रे, सेल्फी दारा समेत कई जगहों पर लैंडस्लाइड से रास्ता बंद हो गया है। इसके अलावा नेशनल हाईवे 717ए पर भी कई भूस्खलन हुए हैं। तीस्ता बाजार इलाके में बाढ़ के हालात बन गए हैं, जिसके कारण कलिम्पोंग से दार्जिलिंग तक का रूट बंद कर दिया गया है।
कोरोनेशन ब्रिज टूटने से सिक्किम और दार्जिलिंग को जोड़ने वाला रास्ता भी बंद हो गया है। पुलिस ने लोगों को कलिम्पोंग जिले से होकर गुजरने की सलाह दी है।
बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- उत्तरी बंगाल में भारी बारिश के कारण दार्जिलिंग, कलिम्पोंग और कुर्सेओंग प्रभावित हुए हैं। भूस्खलन और बाढ़ के कारण सिलीगुड़ी, तराई और दुआर्स से पूरी तरह संपर्क टूट गया है।
कर्सियांग के एडिशनल एसपी अभिषेक रॉय के अनुसार, “मलबे में से 7 शव निकाले जा चुके हैं। हमें 2 और लोगों की जानकारी मिली है। उनके शव निकालने की कोशिश की जा रही है। कर्सियांग पर स्थित दिलाराम और रोहिणी रोड बंद हो गई हैं। पनकहबरी रोड की हालत भी काफी खराब है। सभी पर्यटकों को तिनधरिया रोड से गुजरने होकर गुजरने के लिए कहा गया है।”
प्रशासन ने जारी की चेतावनी
भारी बारिश से बिजनबाड़ी, ऋषिखोला और पेडोंग में कई सड़कें बंद हैं। एनएच 10 पर भी आवागमन रोका गया है। दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में आरेंज अलर्ट, जबकि अलीपुरद्वार में रेड अलर्ट जारी है। लगातार बारिश से तीस्ता, तोरसा और जलढाका नदियां उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने सिक्किम के 6 जिलों समेत कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। IMD ने सिर्फ आज के लिए 2 रेड वॉर्निंग दी थीं। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ-साथ गरज चमक और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई थी। मौसम विभाग के अनुसार, 7 अक्तूबर तक सिक्किम समेत पश्चिम बंगाल के पहाड़ी राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है। भारी बारिश से भूटान में फ्लैश फ्लड्स की स्थिति बन सकती है, जिसका असर पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों में देखने को मिलेगा।

PM मोदी ने जताया घटना पर दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस घटना पर दुख जताया है. पीएम ने एक्स पर लिखा, ‘दार्जिलिंग में एक पुल दुर्घटना में हुई जान-माल की हानि से अत्यंत दुखी हूं. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.’ PM ने आगे लिखा, ‘भारी बारिश और भूस्खलन के मद्देनजर दार्जिलिंग और आसपास के इलाकों की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है. हम प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.’
सीएम ममता कर रहीं निगरानी, कल जाएंगी घटनास्थल पर
उत्तर बंगाल में भारी बारिश और भूस्खलन से उत्पन्न हुई गंभीर स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सोमवार को क्षेत्र का दौरा करेंगी। वर्तमान में, वह नबान्न (राज्य सचिवालय) के कंट्रोल रूम में हैं और रविवार सुबह से ही स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह सोमवार को मुख्य सचिव मनोज पंत के साथ उत्तर बंगाल जाएँगी और दोपहर तक सिलीगुड़ी पहुँच जाएँगी। सिलीगुड़ी से ही वह संपूर्ण स्थिति पर निगरानी रखेंगी।
पर्यटकों की घर वापसी कराएगी बंगाल सरकार
आपदा में कई पर्यटक भी जगह-जगह फँसे हुए हैं। ममता बनर्जी ने आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षित घर वापसी का इंतजाम करेगी। उन्होंने पर्यटकों से जल्दबाजी न करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटक जो जहाँ हैं, वहीं रहें, अभी लौटने की जल्दी न करें। मुख्यमंत्री ने उत्तर बंगाल में मारे गए लोगों के परिवारों को मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन भी दिया है। हालांकि, उन्होंने अभी तक मुआवजे की राशि का खुलासा नहीं किया है।

आपदा से जुड़ीं 10 बड़ी बातें
1.पिछले कुछ समय से पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में भारी बारिश हुई है। लगातार बारिश के कारण मिरिक और सुखिया पोखरी जैसे इलाकों में भूस्खलन हुआ।
2.इस आपदा में कम से कम 17 लोगों की जान गई है। भूस्खलन के बाद स्थानीय प्रशासन ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है। इस प्रकृतिक आपदा ने दार्जिलिंग का संपर्क कई राज्यों से काट दिया है।
3.दार्जिलिंग में हुए इस भूस्खलन के बाद प्रमुख सड़कों से संपर्क टूट गया है। इससे बंगाल और सिक्किम को जोड़ने वाली सड़क का भी संपर्क टूट गया है। वहीं, इंटरनेट सेवा भी प्रभावित है।
4.दूर्गापूजा के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक दार्जिलिंग आते हैं। विशेष तौर पर सप्ताहांत में इस जगह पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिलती है। ऐसे में आज हुए भूस्खलन में बड़ी संख्या में यहां पर्यटकों के फंसने की संभावना है।
5.दार्जिलिंग में टॉय ट्रेन सेवाएं काफी मशहूर हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गोरखालैंड प्रादेशिक प्रशासन ने दार्जिलिंग के टाइगर हिल और रॉक गार्डन सहित सभी पर्यटन स्थलों को बंद करने का फैसला किया है।
6.अधिकारियों ने निवासियों और पर्यटकों से सावधान रहने तथा सड़क और मौसम की स्थिति के बारे में जानकारी लेते रहने को कहा है।
7.दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने भारी बारिश से हुए इस नुकसान पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कई मौतें हुई हैं, संपत्तियों का नुकसान हुआ है और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।
8.भारी बारिश ने उत्तर बंगाल के अन्य क्षेत्रों जैसे जलपाईगुड़ी, सिलिगुड़ी को भी काफी प्रभावित किया है। इस बारिश के कारण कई जगहों पर जलजमाव देखने को मिला है।
9.आईएमडी ने बारिश को लेकर पहले ही उत्तर बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की चेतावनी दी है। विबाग ने सिक्किम के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
10.मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 7 अक्तूबर तक बारिश की संभावना है। अधिकारियों ने चेताया कि लगातार बारिश से उत्तर बंगाल में अचानक बाढ़ आ सकती है।












