नई दिल्ली : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को ‘वोट चोरी’ पर दूसरी बार प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इससे पहले उन्होंने 7 अगस्त को मीडिया से बात की थी। राहुल ने 31 मिनट के प्रजेंटेशन में वोट चोरी के आरोप लगाए और सबूत दिखाने का दावा किया। उन्होंने कहा- चुनाव आयोग जानबूझकर कांग्रेस के वोटों को निशाना बना रहा है और उनके नाम डिलीट कर रहा है।
राहुल इस बार अपने साथ कर्नाटक के ऐसे वोटर्स को भी लेकर आए, जिनके नाम वोटर्स लिस्ट से डिलीट किए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार उन लोगों की रक्षा कर रहे हैं, जिन्होंने भारतीय लोकतंत्र को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने फिर कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और यूपी में यही हो रहा है।
राहुल बोले- देश की डेमोक्रेसी हाईजैक हो गई
राहुल ने कहा, “अब चुनाव आयोग के अंदर से जानकारी आ रही है, जो पहले नहीं आ रही थी। क्योंकि भारत की जनता ये सही मानेगी, क्योंकि जब देश के युवा को एक बार ये पता लगा कि चोरी हो रही है तो वो नहीं सहेंगें। मैं सब कुछ सबूत के साथ दिखाऊंगा, मैं अभी नीव तैयार कर रहा हूं, हाइड्रोजन बम में सब कुछ ब्लैक-व्हाइट है। देश की डेमोक्रेसी हाईजेक हो गई है।” राहुल ने ‘वोट चोरी’ के कथित सबूतों पर कहा कि हाइड्रोजन बॉम्ब आ रहा है। ये एक और उदाहरण है वोट चोरी था। पिछली बार मैंने आपकी एडिशन का बताया था, आज डिलीशन का बताया है। ये सेंट्रेलेजाइजेशन, कॉल सेंटर के यूज से किए गए हैं। यह सब जानकारी पुख्ता सबूत के साथ बता रहे हैं। ECI के चीफ ज्ञानेश कुमार वोट चोरों की रक्षा कर रहे हैं।
चुनाव आयोग ने राहुल के आरोपों को गलत और निराधार बताया

चुनाव आयोग ने राहुल के आरोपों को गलत और निराधार बताया। कहा- ‘कोई भी आम नागरिक ऑनलाइन किसी का भी वोट डिलीट नहीं कर सकता। किसी का वोट डिलीट करने से पहले संबंधित व्यक्ति को अपनी बात रखने का मौका दिया जाता है।’ चुनाव आयोग ने X पोस्ट में कहा- साल 2023 में आलंद विधानसभा क्षेत्र में वोट डिलीट करने की नाकाम कोशिशें हुई थीं। इस मामले में चुनाव आयोग ने खुद FIR दर्ज कराई थी। आयोग के रिकॉर्ड के मुताबिक 2018 में आलंद सीट भाजपा के सुभाष गुट्टेदार ने जीती थी और 2023 में कांग्रेस के बीआर पाटिल ने जीत हासिल की थी।
अनुराग ठाकुर ने कहा- राहुल धमाका करने आए थे, ड्रामा करके चले गए

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की हताशा बढ़ती जा रही है। ऑनलाइन किसी का नाम नहीं काटा जा सकता है। बिना किसी की बात सुने किसी का वोट नहीं काटा जाता, उस पर फैसला नहीं लिया जाता। कर्नाटक की आलंद विधानसभा सीट पर वोट काटने का आरोप राहुल गांधी लगा रहे हैं। बता दें चुनाव आयोग ने पहले ही इसकी जानकारी दे दी थी। EC ने मोबाइल नंबर दे दिया है। IP एड्रेस दिए हैं। जब सब कुछ दे दिया है तो कर्नाटक सीआईडी ने अब तक क्या किया। 2023 में 48 वोट से आलंद विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार जीता था। क्या वोट चोरी कर चुनाव जीता था। राहुल ने गलत आरोप लगाए हैं। कभी EC पर तो कभी VVPT पर, SIR पर सवाल खड़े करते हैं। ये सब करके राहुल गांधी क्या चाहते हैं। राहुल गांधी इन आरोप पर शपथ पत्र क्यों नहीं देते। वे धमाका करने आए थे, ड्रामा करके चले गए।












