🚨 पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं होने पर वृहद आंदोलन की चेतावनी
जामुड़िया: भाजपा के फायरब्रांड हिंदी भाषी नेता कृष्णा प्रसाद ने आरोप लगाया कि कल रात जामुड़िया में अवैध बालू लदी गाड़ी को रोकने पर हमारे साहसी भाजपा कार्यकर्ता पागल गोप (Pagal Gope) को साजिश के तहत कुचलकर मार दिया गया। यह हादसा नहीं बल्कि साजिशन हत्या है और पुलिस को मामले में हत्या का केस दर्ज करना चाहिए।
पुलिस की तानाशाही देखिए— न्याय देने के बजाय, पुलिस ने कल रात ही मृतक के बड़े भाई और 5 अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं को गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तार कर लिया।
इस अत्याचार और प्रशासन की बर्बरता के खिलाफ आज जामुड़िया में विशाल धरना प्रदर्शन किया गया।
विरोध प्रदर्शन में शामिल नेतृत्व जिला अध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य, जिला महासचिव अपूर्ब हाजरा, अरिजीत रॉय और भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष श्री भट्टाचार्य ने कहा कि पुलिस ने इलाके में जमकर तांडव मचाया है। जिस घर के पुरुष की मौत हो गई है, उसकी पत्नी और बेटों की निर्ममता से पुलिस ने पिटाई की है। रात भर घर और गांव में भाजपा समर्थकों को ढूंढ कर उत्पीड़ित किया गया। यहां तक कि साजिश कर मृतक की मुखाग्नि प्रक्रिया बाधित की गई।
राज्य सदस्य कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि पुलिस का अमानवीय चेहरा साफ दिखा है। बालू माफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, लेकिन मृतक के घर वालों को गिरफ्तार कर कोर्ट भेज दिया गया। जनता सब देख रही है। पुलिस खुलकर टीएमसी के समर्थन में आ गई है।
वहीं कृष्णा प्रसाद ने कहा कि मृतक पागल गोप का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। हमारी मांग है – हत्यारों को सजा मिले और गिरफ्तार साथियों को तुरंत रिहा किया जाए! ✊












