आसनसोल/कोलकाता:
पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी के राज्य समिति सदस्य एवं आसनसोल सांगठनिक जिला के वरिष्ठ और अनुभवी नेता सभापति सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ जाने से राजनीतिक गलियारों में चिंता का माहौल बन गया है। अस्वस्थता के चलते उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभापति सिंह को हाल के दिनों में शारीरिक कमजोरी और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजनों और सहयोगियों ने उन्हें तत्काल कोलकाता ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।
नेताओं और समर्थकों ने की मुलाकात
आज उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए भाजपा से जुड़े कई वरिष्ठ नेता, पार्टी कार्यकर्ता और शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे। सभी ने सभापति सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए ईश्वर से उनके जल्द आरोग्य की प्रार्थना की। अस्पताल परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से यह स्पष्ट है कि संगठन में उनका विशेष सम्मान और मजबूत पकड़ है।
संगठन के मजबूत स्तंभ माने जाते हैं सभापति सिंह
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सभापति सिंह आसनसोल सांगठनिक जिले में भाजपा के मजबूत स्तंभ माने जाते हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और चुनावी रणनीति में उनकी भूमिका हमेशा अहम रही है। उनके अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही पूरे जिले में कार्यकर्ताओं के बीच चिंता और भावनात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।
भाजपा समर्थकों को पूरा विश्वास है कि सभापति सिंह जल्द ही स्वस्थ होकर फिर से सक्रिय राजनीति में लौटेंगे और पहले की तरह संगठन को मार्गदर्शन देते रहेंगे।











