दुर्गापुर।
तीन साल बीत जाने के बाद भी नगर निगम चुनाव न होने से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार दोपहर नगर निगम कार्यालय के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व विधायक लखन घरुई और भाजपा नेता अभिजीत दत्ता ने किया।
विधायक लखन घरुई ने कहा कि “आज के ही दिन 3 साल पहले नगर निगम चुनाव हुए थे, लेकिन उसके बाद से चुनाव नहीं कराया गया। निगम के कई वार्डों में विकास कार्य ठप पड़े हैं, जल निकासी व्यवस्था चरमराई हुई है, बरसात में पानी जमा हो रहा है, और कई सड़कों की हालत बेहद खराब है। लेकिन निगम आंख मूंदकर बैठा है।”
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि यह चुनाव में देरी जनता के साथ अन्याय है और इससे भ्रष्टाचार और लापरवाही को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही चुनाव की घोषणा नहीं हुई तो भाजपा चरणबद्ध तरीके से आंदोलन तेज करेगी और सड़क से सदन तक इस मुद्दे को उठाएगी।
मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे, जिन्होंने “चुनाव कराओ – भ्रष्टाचार हटाओ” के नारे लगाए। स्थानीय नागरिकों ने भी इस आंदोलन का समर्थन किया और जल्द चुनाव की मांग की।











