2026 से पहले भाजपा का बड़ा कदम, आसनसोल नॉर्थ निर्वाचन कार्यालय का उद्घाटन

single balaji

आसनसोल | पश्चिम बर्दवान

पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने आसनसोल में अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। रविवार को नूरुद्दीन रोड स्थित भाजपा के उत्तर विधानसभा निर्वाचन कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम को भाजपा के लिए चुनावी रणनीति की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।

उद्घाटन कार्यक्रम में आसनसोल संगठन जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, भाजपा के राज्य नेता एवं उत्तर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कृष्णेंदु मुखर्जी, सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही पूरे इलाके में राजनीतिक सरगर्मी साफ दिखाई दी।

2026 की तैयारी का केंद्र बनेगा कार्यालय

सभा को संबोधित करते हुए देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि यह निर्वाचन कार्यालय पूरी तरह से 2026 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए खोला गया है।
उन्होंने कहा, “आने वाले दिनों में इसी कार्यालय से उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लिए चुनावी रणनीति बनाई जाएगी। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और इस बार भाजपा उत्तर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज करेगी।”

‘नॉर्थ सीट मोदी जी को समर्पित करेंगे’

उत्तर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी कृष्णेंदु मुखर्जी ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि इस तरह के निर्वाचन कार्यालय केवल भवन नहीं होते, बल्कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, संगठन और संघर्ष का केंद्र होते हैं।
उन्होंने कहा, “सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। हमारा लक्ष्य साफ है—इस बार आसनसोल नॉर्थ विधानसभा सीट जीतकर उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित करना और क्षेत्र में वास्तविक परिवर्तन लाना।”

बढ़ता सियासी तापमान

गौरतलब है कि आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। हाल के दिनों में श्रमिक आंदोलन, नगर निगम से जुड़े मुद्दे और कानून-व्यवस्था को लेकर लगातार सियासी बयानबाजी हो रही है। ऐसे में भाजपा का यह कदम साफ संकेत देता है कि पार्टी इस सीट पर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती।

निर्वाचन कार्यालय के उद्घाटन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला, जिससे यह साफ है कि आने वाले महीनों में आसनसोल की राजनीति और ज्यादा गर्म होने वाली है।

ghanty

Leave a comment