आसनसोल: पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाले के खिलाफ भाजपा का विरोध अब सड़कों पर और उग्र हो गया है। मंगलवार को आसनसोल जिला शिक्षा विभाग कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया और मुख्य द्वार पर ताला जड़कर ऑफिस को पूरी तरह बंद कर दिया।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा शिक्षक नियुक्ति रद्द किए जाने के बाद 26 हजार शिक्षकों की नौकरी चली गई है, जिससे राज्य भर में रोष व्याप्त है। भाजपा इसे “राज्य सरकार की शिक्षा नीति की विफलता और भ्रष्टाचार का परिणाम” बता रही है।
ताले पर ताला, नौकरी पर ताला!
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जब वे शिक्षा विभाग पहुंचे तो दफ्तर के मुख्य गेट पर पहले से ही एक ताला लगा था, लेकिन विरोध को प्रतीकात्मक बनाने के लिए उन्होंने दूसरा ताला भी उसी गेट पर जड़ दिया। इससे पूरे इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई।
ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग पर अड़े भाजपा नेता
भाजपा नेताओं ने साफ कहा कि यह घोटाला राज्य सरकार की देखरेख में हुआ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन पूरे बंगाल में और उग्र रूप लेगा।
पुलिस ने खोला भाजपा का ताला, लेकिन जनता के गुस्से का क्या?
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा लगाया गया ताला चाबी से खोल दिया, लेकिन उस गुस्से को कौन खोलेगा जो बंगाल के हज़ारों बेरोजगार युवाओं के दिल में है?










