बराकर:
बराकर क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर शिकंजा कसते हुए बराकर सब ट्रैफिक गार्ड ने मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। यह अभियान प्रभारी विनय नायक एवं एएसआई रविंद्रनाथ लायक के नेतृत्व में सोमवार को बेगुनिया चेकपोस्ट के पास चलाया गया, जहां नियम तोड़ने वाले कई मोटरसाइकिल चालकों पर जुर्माना लगाया गया और मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए गए।
जानकारी के अनुसार, चिरकुंडा की ओर से आने वाली मोटरसाइकिलों की बेगुनिया चेकपोस्ट पर विशेष रूप से जांच की गई। जांच के दौरान यंत्र (डिवाइस) के माध्यम से साइलेंसर की आवाज़ और बनावट की पड़ताल की गई। नियमों के विपरीत पाए जाने पर साइलेंसर खोलकर जब्त किया गया और मौके पर ही फाइन वसूला गया।
रविवार देर शाम कुल्टी कॉलेज मोड़ पर भी चला अभियान
इससे पहले रविवार देर शाम कुल्टी ट्रैफिक गार्ड पुलिस ने कुल्टी कॉलेज मोड़ के पास भी इसी तरह का अभियान चलाया था। इस दौरान सिविक पुलिस के जवान भी मौजूद रहे। संयुक्त कार्रवाई के चलते इलाके में नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।
झारखंड से आने वाले वाहन चालकों में हड़कंप
बराकर सब ट्रैफिक गार्ड की इस सख्ती का असर झारखंड की ओर से आने वाले वाहन चालकों पर भी साफ दिखा। कई बाइक सवार दूर से ही ट्रैफिक पुलिस को देखकर वापस चिरकुंडा की ओर लौट गए, जिससे अभियान की गंभीरता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।
प्रशासन का संदेश साफ
ट्रैफिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल अवैध हैं, बल्कि ध्वनि प्रदूषण बढ़ाकर आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं। आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











