बराकर: शहर के बलतोड़िया रेलवे लाइन के किनारे स्थित कसाई मोहल्ला इलाके में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नानी घर में रह रहे छह माह के एक मासूम बच्चे का शव पानी के होदे में मिला। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही बराकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दादी ने सुनाई दर्दभरी कहानी
मृतक बच्चे की दादी मदिना खातून ने बताया कि उनका बेटा पेशे से ड्राइवर है और गाड़ी लेकर काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ है। उनकी बहू पिछले एक महीने से अपने छह माह के बेटे को लेकर पास में स्थित नानी घर में रह रही थी।
मदिना खातून के अनुसार, सुबह अचानक खबर मिली कि उनके पोते को मार दिया गया है। यह सुनते ही परिवार और आसपास के लोगों में कोहराम मच गया।
इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। बलतोड़िया रेलवे लाइन के पास स्थित कसाई मोहल्ला में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम को खंगालने में जुटी है।
बराकर फाड़ी के प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एक महिला को हिरासत में लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही, बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।
कई सवाल खड़े
छह माह के मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या यह हादसा था या फिर किसी साजिश का हिस्सा? पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
इलाके के लोगों में गहरा आक्रोश और शोक का माहौल है। मासूम की मौत से पूरे कसाई मोहल्ला में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल पुलिस जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद है।











