बराकर में होली के दिन हुए विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई, तीन गिरफ्तार—महिलाओं का फाड़ी के सामने प्रदर्शन

single balaji

बराकर: आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के वेस्ट जोन अंतर्गत कुल्टी थाना क्षेत्र में होली के दिन दो समुदायों के बीच हुए विवाद के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए बराकर पुलिस ने दो पक्षों से कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

यह घटना बराकर शहर के वार्ड नंबर 68 स्थित करीम डंगाल इलाके में हुई थी, जहां होली के दिन दो समुदायों के बीच अचानक विवाद और हंगामा हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने स्थिति पर नजर रखते हुए शनिवार देर रात कार्रवाई की और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। इनमें से एक युवक विशेष समुदाय से बताया जा रहा है।

गिरफ्तारी के विरोध में सड़कों पर उतरी महिलाएं

रविवार सुबह जैसे ही पुलिस कार्रवाई की जानकारी इलाके में फैली, लोगों में नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद डीपो डंगाल, गायत्री नगर और मलिया पाड़ा समेत आसपास की चार बस्तियों की बड़ी संख्या में महिलाएं बराकर फाड़ी पहुंच गईं और वहां विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

महिलाओं का आरोप था कि पुलिस ने जिन दो युवकों को गिरफ्तार किया है, उनका इस विवाद से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि गिरफ्तार किए गए युवकों में से एक क्षय रोग (टीबी) से पीड़ित है, इसलिए उसकी गिरफ्तारी को लेकर परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

निष्पक्ष जांच की मांग

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने पुलिस से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि होली के दिन माहौल बिगाड़ने वाले कुछ लोग अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं और इलाके में तरह-तरह की टिप्पणियां कर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने देर रात छापेमारी करते समय घरों की दीवारें लांघकर कार्रवाई की, जिससे लोगों में डर और असंतोष फैल गया। उनका कहना था कि अगर पुलिस को जांच करनी है तो दिन के समय करे और इस तरह आधी रात में कार्रवाई से लोगों की निजता और सुरक्षा प्रभावित होती है।

पुलिस ने समझाकर शांत कराया मामला

काफी देर तक बराकर फाड़ी के सामने महिलाओं का जमावड़ा लगा रहा, जिससे वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से बातचीत कर उनकी शिकायतें सुनीं और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।

बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिस ने टीबी से पीड़ित युवक को छोड़ने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धीरे-धीरे स्थिति शांत हुई और महिलाएं अपने-अपने घर लौट गईं।

इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ी

घटना के बाद से पूरे इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। वहीं राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

ghanty

Leave a comment