कुल्टी/बराकर: पवित्र रमजान माह के अवसर पर बराकर में रविवार को एक भव्य रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन इंटरनेशनल इक्विटेबल ह्यूमन राइट्स सोशल काउंसिल (माइनॉरिटी विंग) की ओर से किया गया, जिसमें विभिन्न समुदायों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग एक साथ एक ही पंक्ति में बैठकर रोजा खोलते नजर आए, जो आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की एक अनोखी मिसाल बन गया। नमाज और दुआ के बाद सभी ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी और क्षेत्र में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगी।
गंगा-जमुनी संस्कृति की झलक
इस अवसर पर इंटरनेशनल इक्विटेबल ह्यूमन राइट्स सोशल काउंसिल के चेयरमैन संजय सिन्हा ने कहा कि बंगाल की धरती सदियों से प्रेम, सद्भाव और गंगा-जमुनी संस्कृति की पहचान रही है।
उन्होंने कहा कि रमजान का महीना त्याग, संयम और इंसानियत का संदेश देता है, और ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी विश्वास और भाईचारा मजबूत होता है।
समाज को जोड़ने का प्रयास
संजय सिन्हा ने कहा कि संस्था का प्रयास है कि समाज में धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता बनी रहे। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सभी धर्मों के लोग मिलजुलकर रहें और एक-दूसरे के त्योहारों में भाग लें, यही असली भारतीय संस्कृति है।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
इस कार्यक्रम में संस्था के कई पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, जिला संयोजक अमित सिंह, कुल्टी ब्लॉक उपाध्यक्ष गौतम बाउरी, प्रखंड अध्यक्ष (स्पोर्ट्स विंग) कमाल हुसैन, वार्ड पार्षद टुंपा, समाजसेवी टुनी लोहिया और गुड्डू खान सहित बड़ी संख्या में रोजेदार और इलाके के लोग शामिल हुए।
धार्मिक एकता का दिया संदेश
कार्यक्रम का आयोजन संस्था के प्रदेश उपाध्यक्ष (माइनॉरिटी विंग) मोहम्मद मेराजुल हक अंसारी ने किया। उनके साथ मीडिया विंग के जिला उपाध्यक्ष मंसूर खान (बंटी) और अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में मोहम्मद मेराजुल हक अंसारी ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य धार्मिक एकता और सामाजिक भाईचारा को मजबूत करना है।
बराकर में आयोजित यह इफ्तार कार्यक्रम न केवल रमजान की रूह को दर्शाता है, बल्कि यह भी साबित करता है कि आपसी प्रेम और सौहार्द से ही समाज को मजबूत बनाया जा सकता है।














